सुबह छापा मारने से पस्त पड़े बिजली चोर
अहिबरनपुर उपकेंद्र के त्रिवेणीनगर फीडर की 70 और कदम रसूल फीडर की 75 फीसदी लाइन हानियां थीं, जो घट कर त्रिवेणीनगर की 28 और कदम रसूल की 38 फीसदी बची हैं। सर्किल अफसर बीके चौधरी के अनुसार, सुबह छापा मारने से बिजली चोरी रुकी है और राजस्व बढ़ा है।
अमीनाबाद उपकेंद्र के चिकमंडी फीडर की अगस्त में 74 फीसदी लाइन हानियां थीं। यानी सौ यूनिट में से लेसा को 74 यूनिट की कीमत नहीं मिल रही थी। ये बिजली लोग चोरी कर रहे थे।
एक राउंड की मॉर्निंग रेड और घर के बाहर मीटर करने से लाइन हानियां 27 फीसदी घटी हैं। अधिशासी अभियंता आरके श्रीवास्तव के मुताबिक, अक्टूबर में लाइन हानियां 74 से घटकर 47 फीसदी हुई हैं।
मध्यांचल विद्युत वितरण निगम की ‘सुबह की छापामारी’ की रणनीति बिजली चोरी रोकने में कारगर साबित हो रही है।
इससे जहां बिजली चोरी करने वालों की संख्या में कमी आई हैं तो वहीं लाइन हानियां 60 फीसदी तक कम हुई हैं।
मालूम हो कि अक्तूबर महीने में सुबह की छापमारी में ट्रांसगोमती में 300 और सिस गोमती में 520 मामले बिजली चोरी के पकड़े गए थे।
मुख्य अभियंता ट्रांस गोमती प्रदीप कक्कड़ ने बताया कि बिजली चोरी रोकने और लाइन हानियों को कम करने में रहीमनगर खंड सबसे अव्वल है।
ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने निरीक्षण में अधिशासी अभियंता दिलीप कुमारधर द्विवेदी और एसडीओ संदीप गुप्ता की कार्यप्रणाली को सराहा।
जानकीपुरम विस्तार के सौर विहार फीडर की लाइन हानियां 67 फीसदी थीं, जिसको तीन महीने में सात फीसदी पर ला दिया।
अधिशासी अभियंता ने बताया कि उन्होंने रीडिंग वाले शत-प्रतिशत उपभोक्ताओं की बिलिंग की। साथ ही बकाया वालों से वसूली की। कई राउंड सुबह छापा मारने से चोरी करने वालों का ग्राफ भी गिरा।
वहीं, कानपुर रोड खंड के अधिशासी अभियंता भरत सिंह ने बताया कि मध्यांचल के 105 खंडों में उनका खंड बिल जमा करने में अव्वल है। उनके खंड के 100 में से 76 फीसदी उपभोक्ता बिल जमा करते हैं।
छह दिन गांव-गांव घूमे एमडी
मध्यांचल निगम के एमडी सूर्यपाल गंगवार सिस खंड दो के बड़ागांव फीडर के नोडल अधिकारी थे। इस फीडर की सितंबर में 75 फीसदी लाइन हानियां थीं। एमडी के नेतृत्व में अक्तूबर में चले अभियान में 12 दिन गांव-गांव शिविर और चेकिंग के जरिए लाइन हानियां 35 फीसदी कम कर दीं। इसके लिए एमडी ने लगातार छह दिन लोगों को बिल जमा करने के लिए जागरूक किया। इसी प्रकार चिनहट के सुलभ आवास सीतापुर रोड खंड के गायत्री नगर फीडर की लाइन हानियां 10 फीसदी से नीचे आ चुकी हैं।
जरूरत पड़ी तो नाइट रेड भी शुरू करेंगे
मुख्य अभियंता, लेसा सिस गोमती, मधुकर वर्मा ने बताया कि बिजली चोरी पर अंकुश लगाकर लाइन हानियों को कम करने का जो सिलसिला सुबह छापा मारने का शुरू हुआ है, वह जारी रहेगा। जरूरत पड़ी तो अधिक लाइन हानियों वाले फीडर के इलाकों में नाइट रात्रि अभियान भी शुरू करेंगे। इससे रात और सुबह कटिया लगाकर हीटर जलानों पर अंकुश लगेगा।