राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से एकेटीयू की नैक टीम के सदस्यों ने मुलाकात की। स्रोत ः विश्वविद्यालय
लखनऊ। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मंगलवार को राजभवन में डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) की टीम ने राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (नैक) में ए ग्रेड प्राप्त करने पर मुलाकात की। राज्यपाल ने विश्वविद्यालय को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी।
उन्होंने कहा कि यह सफलता टीम भावना, सतत प्रयास और प्रभावी दिशा-निर्देशों का परिणाम है। उच्च शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए सभी विश्वविद्यालयों को नैक मूल्यांकन में भाग लेना चाहिए। शिक्षा और स्वास्थ्य दोनों महत्वपूर्ण क्षेत्र हैं। इन क्षेत्रों में और काम करने की आवश्यकता है। उन्होंने गुजरात के आंगनबाड़ी मॉडल, चंडीगढ़ विश्वविद्यालय की यात्रा और गुजरात के प्रवेशोत्सव जैसे नवाचारों की चर्चा करते हुए इन्हें उत्तर प्रदेश में भी अपनाने पर बल दिया।
राज्यपाल ने कहा कि विश्वविद्यालयों को अपनापन और उत्तरदायित्व की भावना से कार्य करना चाहिए। उन्होंने विश्वविद्यालय को एनआईआरएफ, क्यूएस वर्ल्ड रैंकिंग आदि में स्थान प्राप्त करने के लिए ज्ञान का आदान-प्रदान करने पर जोर दिया। राज्यपाल ने निर्देश दिया कि नैक मूल्यांकन में जो कमियां पाई गई, उनमें सुधार करें। छात्रों के साथ ज्ञान साझा करने की प्रक्रिया को प्रोत्साहित किया जाए।
राज्यपाल ने विश्वविद्यालय की नैक टीम को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव डॉ. सुधीर महादेव बोबड़े, विशेष कार्याधिकारी (शिक्षा) डॉ. पंकज एल जानी, विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जेपी पांडेय व विश्वविद्यालय की नैक टीम के सदस्य उपस्थित थे।