यूपी के राजकीय प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में 55 दिन में 5 लाख 21 हजार 377 विद्यार्थियों की बढ़ोतरी हुई है। शैक्षिक सत्र 2018-19 में 1 अप्रैल से 31 जुलाई तक संचालित ‘स्कूल चलो अभियान’ के बाद इन विद्यालयों में विद्यार्थियों की संख्या 1 करोड़ 51 लाख 01 हजार 247 थी।
बाद में सरकार व बेसिक शिक्षा विभाग की सख्ती से बढ़ी सक्रियता के कारण 1 अगस्त से 25 सितंबर (यानी 55 दिन में) के बीच स्कूलों में 5,21,377 विद्यार्थियों का नामांकन हुआ। इससे कक्षा 1 से 5 तक प्राथमिक विद्यालयों में विद्यार्थियों की संख्या बढ़कर 1,17,37,663 और कक्षा 6 से 8 तक उच्च प्राथमिक विद्यालयों में विद्यार्थियों की संख्या बढ़कर 38,84,961 हो गई। इस तरह विद्यार्थियों की कुल संख्या 1,56,22,624 हो गई। यह संख्या बीते शैक्षिक सत्र के सापेक्ष 2,00,577 अधिक है।
बता दें, प्रदेश में शिक्षा से वंचित 4 से 14 वर्ष तक के बच्चों को शिक्षित करने के लिए चलाए गए ‘स्कूल चलो अभियान’ में 31 जुलाई तक प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में 1,51,01,247 विद्यार्थियों का नामांकन हुआ। यानी पिछले शैक्षिक सत्र की तुलना में 3,20,800 विद्यार्थियों का कम नामांकन हुआ।
तमाम प्रयासों के बावजूद नामांकन कम होने पर विभाग ने सख्ती की। बेसिक शिक्षा अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया और उन्हें बीते सत्र के सापेक्ष 5 प्रतिशत अधिक नामांकन का लक्ष्य दिया गया। इसके बाद 1 अगस्त से 25 सितंबर के बीच इन विद्यालयों में कुल 5,21,377 विद्यार्थियों का नामांकन किया गया।