रामनगरी में शनिवार से शुरू होने वाली संत मोरारी बापू की रामकथा को लेकर विरोध के स्वर उठ गए हैं। अयोध्या के कुछ संतों ने शुक्रवार को मोरारी बापू द्वारा सेक्स वर्कर को कथा सुनाने को लेकर अपना विरोध जाहिर करते हुए उनकी कथा को रद्द करने की मांग उठाई है।
कथा व्यास महंत पवन दास शास्त्री ने पत्रकारों से कहा कि मोरारी बापू कई बार अयोध्या आए उनका स्वागत हुआ है। लेकिन इस बार वह जो करने जा रहे हैं वह सनातन धर्म की वर्जनाओं को तोड़ने का प्रयत्न कर रहे हैं। वे सेक्स वर्कर्स का जीवन स्तर सुधारना चाहते हैं तो जितना पैसा कथा में खर्च कर रहे हैं वही धन गणिकाओं में बांट दें उनका जीवन स्तर सुधारने के लिए। गणिकाओं का हृदय परिवर्तन करना है तो उनके क्षेत्र में जाएं, अयोध्या को ही क्यों चुना। कहा कि संत प्रशासन का सहयोग लेंगे स्थानीय विधायक, सांसद व मुख्यमंत्री से शिकायत की जाएगी।
ज्योतिषाचार्य प्रवीण शर्मा ने कहा कि कथा की वर्जनाएं और मान्यता का स्वरूप नष्ट होने का खतरा है। अपनी कथा में आकर्षण पैदा करने के लिए गणिकाओं को एकत्र कर रहे हैं। इनका कार्यक्रम रद्द करने की मांग की जाएगी। धर्मसेना के अध्यक्ष संतोष दुबे ने कहा कि कथा का विरोध नहीं है, उनकी कार्यशैली का विरोध है। वे सेक्स वर्कर को कथा सुनाएंगे यह अयोध्या को अपवित्र करने का नया ड्रामा है। विरोध करने वालों में ज्योतिषाचार्य संतोष, आचार्य अजीत दास सहित अन्य शामिल रहे।