यूपी के सीएम अखिलेश यादव का कहना है कि 500 और 1000 के नोट चलाने की छूट किसानों को मिलने चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर केंद्र सरकार किसानों की हितैषी है तो अपने इस फैसले पर जरूर सोचेगी।
अखिलेश ने कहा कि सरकार के इस फैसले से समाज के सभी वर्गों सहित किसानों को भारी असुविधा हो रही है। उन्होंने किसानों को राहत देने की गुजारिश की है।
उन्होंने कहा कि इन नोटों के बंद किए जाने से उत्तर प्रदेश सहित पूरे देश के किसानों के सामने रबी फसल की बुआई के लिए बीज-खाद व अन्य कृषि निवेशों का इंतजाम करने का गम्भीर संकट पैदा हो गया है।
सीएम ने कहा कि भारत सरकार के अचानक लिए गए इस फैसले से खरीफ फसल की उपज को बेचकर किसानों ने जो धनराशि अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए इकट्ठा की है, उसका भी वे इस्तेमाल नहीं कर पा रहे हैं।
वर्तमान सहालग में बड़ी संख्या में किसान परिवारों की बेटियों की शादी होनी है। लेकिन अपनी इस जिम्मेदारी को पूरा करने के लिए उन्हें घोर असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि केन्द्र की सरकार किसानों की हितैषी है और उसे देश के अन्नदाताओं की दिक्कतों का ख्याल है तो वह अविलम्ब अपने इस फैसले पर पुनर्विचार करते हुए किसानों को राहत पहुंचाने के लिए जरूरी कदम उठाएगी।