सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव का कहना है कि अगले लोकसभा चुनाव में जनता भाजपा का घमंड चूर कर देगी।
नरेंद्र मोदी से चुनाव में अपना सीधा मुकाबला मान रहे मुलायम कहते हैं, ‘वह महज झूठ का कारोबार करते हैं, विकास उनकी प्राथमिकताओं में नहीं है।
गरीबों का नाम भर लेते हैं, उनकी चिंता नहीं करते। समाज को बांटकर प्रधानमंत्री बनने का सपना देख रहे हैं।’ लोकसभा चुनाव के मद्देनजर मुलायम सिंह की रविवार को ‘अमर उजाला’ से लंबी बातचीत हुई।
उनका दावा है, पूरे देश में तीसरे मोर्चे के पक्ष में हवा है। नरेंद्र मोदी भाजपा की कुछ सीटें जरूर बढ़वा सकते हैं, लेकिन सरकार नहीं बना सकते।
चुनाव के बाद तीसरे मोर्चे की सरकार तय है। यह भी तय है कि सपा नई सरकार में खास भूमिका निभाएगी। उनका कहना है कि कांग्रेस ने अपने कुशासन, महंगाई और भ्रष्टाचार से देश का खासा नुकसान किया है।
रही-सही कसर भाजपा से उसकी मिलीभगत ने पूरी कर दी। देश में कांग्रेस तेजी से सिकुड़ रही है। तीसरा मोर्चा देश का भविष्य है।
उन्होंने आरोप लगाया, ‘कांग्रेस-भाजपा की मिलीभगत का ताजा नतीजा तेलंगाना है, जिस पर हमारी संसद को दुनिया भर में शर्मसार होना पड़ा। कांग्रेस इसके लिए सीधे जिम्मेदार है, भाजपा उसमें सहयोगी है।’
रायबरेली से फिर भी उम्मीदवार नहीं
मुलायम ने कहा, कांग्रेस की सारी खामियों के बावजूद सोनिया गांधी के सामने रायबरेली से सपा अपना उम्मीदवार नहीं उतारेगी।
उनका तर्क है, सियासी नैतिकता का तकाजा है कि देश के ऐसे सभी बड़े नेता, जिनकी मौजूदगी से संसद का मान बढ़ता है, के सामने उम्मीदवार नहीं उतारने चाहिए।
यूपी में पहल कांग्रेस ने की थी। सोनिया के कमान संभालने के बाद कांग्रेस ने मेरे खिलाफ उम्मीदवार नहीं उतारा, तो हमने भी नहीं उतारा।
लेकिन अमेठी में संभव
सपा सुप्रीमो कहते हैं, अमेठी पर अभी पार्टी ने फैसला नहीं किया है। राहुल गांधी के खिलाफ उम्मीदवार उतारे जाने पर सपा गंभीरता से विचार कर रही है।
वादों की भंवर में डूबे केजरीवाल
मुलायम ने कहा, अरविन्द केजरीवाल इस्तीफा देने का मौका ही तलाश रहे थे। सियासत की समझ न होने का कारण उन्होंने जनता से ऐसे-ऐसे वादे कर लिए, जो पूरे नहीं हो सकते थे।
वे तो अपने वादों से ही डरकर भागे हैं। राजनीति में वादे वही करने चाहिए, जो पूरे कर सकते हों।
मैं तो अखिलेश (मुख्यमंत्री) को कहता हूं कि वादे पूरे नहीं करना भी भ्रष्टाचार है। इसलिए देखिए, वादे पूरे करने वाली देश में अकेली सरकार हमारी है।