कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में मोबाइल फोन चोरी के आरोप में कुछ लोगों ने एक किशोर के बाल मुड़वा कर गांव में घुमाया। मंगलवार को मामला थाने पहुंचा तो पुलिस के सामने दोनों पक्षों में समझौता हो गया।
दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव के दो किशोर एक ही विद्यालय में पढ़ते हैं। कुछ दिन पूर्व एक लड़के का मोबाइल फोन चोरी हो गया तो उसे दूसरे पर शक जताया। उसने घर जाकर इसकी जानकारी दी। फिर इसे लेकर गांव में पंचायत शुरू हो गई।
रविवार को दोपहर में गांव में चोरी के आरोपी किशोर और उसके पिता को भी पंचायत में बुलाया गया। इस दौरान विवाद बढ़ने पर कुछ लोगों ने किशोर की पिटाई कर दी और फिर उसके बाल मुड़वाकर गांव में घुमाया।
आरोपी किशोर के पिता ने मंगलवार को दुद्धी कोतवाली इसकी शिकायत की। इस पर आरोप लगाने वाले किशोर और उसके पिता को भी थाने पर बुलाया गया। दोनों पक्षों की पुलिस के सामने पंचायत हुई और दोनों ने आपस में भविष्य में किसी तरह का विवाद न करने का समझौता कर लिया। थाने के एसआई मोहरलाल का कहना है कि बाल मुड़वाकर किशोर को गांव में घुमाने का आरोप दूसरे किशोर के पिता ने लगाया था, लेकिन थाने में दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया है।