लखनऊ। कार सवार बदमाश ने लिफ्ट देने के बहाने से बाराबंकी के फतेहपुर निवासी रोहित कुमार का मोबाइल फोन लूट लिया। इसके बाद उससे कई बार में यूपीआई से 98 हजार रुपये ट्रांसफर कर लिए। पीड़ित ने मंगलवार को वजीरगंज थाने में लूट का केस दर्ज कराया है।
रोहित के मुताबिक 28 अगस्त को काम के सिलसिले में लखनऊ आए थे। रात 9.30 चारबाग स्टेशन पर बाराबंकी के लिए साधन का इंतजार कर रहे थे। इस बीच पहुंचे कार सवार ने पॉलीटेक्निक चौराहे तक लिफ्ट देने की बात कही। हालांकि, वह कार केजीएमयू के पास लेकर पहुंच गया। फिर सुनसान जगह पर रोहित से मारपीट करते हुए उनका मोबाइल फोन लूट लिया। रोहित को कार से धक्का देकर युवक भाग निकला। रोहित के अनुसार आरोपी ने उनके मोबाइल फोन से 98 हजार रुपये निकाल लिए। डीसीपी पश्चिम विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रेस की जा रही है।