युवक के पूरे परिवार के मोबाइल फोन हैक
लखनऊ। माल एवेन्यू के रहने वाले विक्रम चोपड़ा व उनके परिजनों के मोबाइल फोन साइबर जालसाज ने हैक कर लिए हैं। पीड़ित ने आशंका जताई है कि आरोपी ने उनके घर में कई जगह इलेक्ट्राॅनिक गैजेट लगा रखे हैं। इसके जरिये उनके परिवार की हर गतिविधि की जानकारी उसे हो रही है। आरोपी की इस हरकत से पूरा परिवार डरा हुआ है। पीड़ित ने 28 फरवरी को हुसैनगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
विक्रम के मुताबिक परिजन डायरी में लिखकर एक-दूसरे से बातें कर रहे हैं। फिर भी उसे सारी जानकारी हो जाती है। डायरी में लिखी बातों को आरोपी पलटकर उनके व परिजनों के मोबाइल में मेसेज कर रहा है। कई बार आई कैन सी यू लिखकर भेज चुका है। इसकी शिकायत उन्होंने 20 जनवरी को साइबर सेल में भी की थी। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत कर घर का निरीक्षण साइबर विशेषज्ञों से कराने की मांग की है। इंस्पेक्टर हुसैनगंज रामकुमार गुप्ता के मुताबिक विक्रम व उनका परिवार डरा हुआ। संपर्क करने की कोशिश की गई, पर उनका मोबाइल बंद है। साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।