लखनऊ। साइबर ठग ने आलमबाग के कैलाशपुरी निवासी अनूप कुमार को एपीके फाइल भेजकर उनका मोबाइल हैक कर खाते से 5.46 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित को घटना की जानकारी छह दिन बाद बैंक पहुंचने पर हुई। अनूप की शिकायत पर साइबर क्राइम थाने की पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।
अनूप के मुताबिक एक सितंबर को उनके व्हाट्सएप पर एपीके फाइल आई थी। फाइल को अनजाने में खोलने पर उनका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। उन्होंने काफी देर तक मोबाइल खोलने की कोशिश की मगर कुछ नहीं हुआ। छह सितंबर को उनका मोबाइल फिर से ऑन हो गया। अनूप ने बताया कि जब वह अगले दिन पासबुक में एंट्री कराने पहुंचे तो पता चला कि उनके खाते से एक से छह सितंबर तक कई बार में 5.46 लाख रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित के मुताबिक ट्रांजेक्शन का उनके पास कोई मेसेज भी नहीं आया। इस बीच किसी काम के चलते अनूप को बाहर जाना पड़ गया। वहां से लौटकर आने पर उन्होंने बीते सोमवार को साइबर क्राइम थाने में शिकायत की। इंस्पेक्टर ब्रजेश यादव के मुताबिक जिस नंबर से अनूप को एपीके फाइल भेजी गई थी। उसके बारे में सर्विलांस सेल के जरिये पता लगाया जा रहा है।