शिया वक्फ बोर्ड के चेयरमैन वसीम रिजवी
- फोटो : amar ujala
शिया वक्फ बोर्ड के चेयरमैन वसीम रिजवी का कहना है कि मुसलमानों को बीफ खाना बंद कर देना चाहिए। गोहत्या इस्लाम में हराम है। उन्होंने कहा कि मॉब लिंचिंग रोकी नहीं जा सकती। क्योंकि हर जगह सुरक्षाकर्मी तैनात नहीं किए जा सकते।
रिजवी का कहना है कि गोहत्या करने वाले को कड़ी सजा मिलनी चाहिए। इसके लिए कड़ा कानून लाया जाना चाहिए। अगर कानून होगा तो गोहत्या नहीं होगी और मॉब लिंचिंग भी रुक जाएगी।
दरअसल, अलवर जिले के रामगढ़ इलाके के गांव लल्लावंडी में अकबर उर्फ रकबर नाम के युवक पर गो-तस्करी के शक में कुछ लोगों ने हमला कर दिया। बुरी तरह घायल अकबर की मौत हो गई। इस घटना के बाद मॉब लिंचिंग को लेकर देश भर में हंगामा मचा हुआ है। कांग्रेस ने इसे लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोला। वहीं, केंद्र ने मामले की जांच के लिए गृह सचिव के नेतृत्व में उच्चस्तरीय कमेटी का गठन कर दिया है।
इसके अलावा, राष्ट्रीय मुस्लिम मंच के संरक्षक इंद्रेश कुमार का कहना है कि अगर देश में गोहत्या बंद हो जाएगी तो मॉब लिंचिंग भी बंद हो जाएगी। उन्होंने कहा कि दुनिया के जितने भी धर्म हैं उनमें से किसी के भी धर्मस्थल पर गाय का वध नहीं होता है। हमें मिलकर ये संकल्प लेना चाहिए कि पूरी धरा और मानवता को ऐसे पाप से मुक्त करें।