सरोजनीनगर तहसील बार एसोसिएशन के कार्यक्रम में मौजूद विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह।
लखनऊ। भाजपा विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने सोमवार को सरोजनीनगर तहसील बार एसोसिएशन में अधिवक्ताओं के कल्याण के लिए कई घोषणाएं कीं। उन्होंने बार परिसर के विकास और अधिवक्ता कल्याण कोष के लिए विधायक निधि से 10 लाख रुपये देने का एलान किया। इसके अलावा कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत पांच नई सौर लाइटें और बार परिसर में ओपन जिम उपलब्ध कराने की घोषणा की।
यह घोषणाएं लोकार्पण एवं धन्यवाद कार्यक्रम में की गईं। इस दौरान डॉ. राजेश्वर ने अधिवक्ताओं से संवाद भी किया। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता न्याय, संविधान और समाज के अधिकारों के प्रहरी हैं। गरीब और जरूरतमंदों को निशुल्क विधिक परामर्श उपलब्ध कराना उनकी सामाजिक जिम्मेदारी है। न्याय तभी सार्थक है, जब वह सुलभ, सरल और समयबद्ध हो।
उन्होंने कक्षा 12 तक बुनियादी कानूनी शिक्षा अनिवार्य करने और अधिवक्ताओं के लिए प्रभावी सामाजिक सुरक्षा कवच की जरूरत बताई। साइबर कानून और डिजिटल साक्ष्य की समझ को भी उन्होंने समय की जरूरत बताया। युवा अधिवक्ताओं के ज्ञानवर्धन के लिए बार परिसर में टीवी और वायरलेस इंटरनेट सुविधा उपलब्ध कराई गई। इसमें पीताम्बरा बगलामुखी सिद्ध पीठ उत्तराखंड ट्रस्ट ने सहयोग किया।
इस अवसर पर लाल बहादुर सिंह को उनके पुत्र की स्मृति में एक लाख रुपये और सचिन यादव को चिकित्सीय सहायता के लिए 25 हजार रुपये की मदद दी गई। विधायक ने बताया कि 75 अधिवक्ताओं को आगामी श्यामरथ यात्रा में निशुल्क श्री खाटू श्याम के दर्शन कराए जाएंगे। उन्होंने अधिवक्ताओं के सम्मान, सुविधा और प्रगति के लिए निरंतर सहयोग का आश्वासन दिया।