समाजवादी सरकार अपनी नीतियों को जनता तक ले जाने के लिए सूबे भर में साइकिल यात्राएं निकाल रही है। लेकिन लगता है सदर विधायक जगराम पासवान को साइकिल की सवारी गवारा नहीं, शायद इसीलिए उन्होंने इसमें घोड़े पर सवार होकर शिरकत की।
यही नहीं, विधायक के काफिले में पांच घोड़े-घोड़ियां शामिल थे। इसमें से एक घोड़ी ने बीच रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
विधायक जगराम पासवान ने बुधवार को बलरामपुर के नहर बालागंज से साइकिल यात्रा निकाली। उन्होंने इसके लिए बाकायदा पांच घोड़े-घोड़ियों का इंतजाम कर रखा था। एक पर खुद सवार हो गए तो अन्य पर उनके चहेते।
सुर्खियों में आने के अपने मकसद में वे कामयाब रहे लेकिन एक घोड़ी की मौत ने रंग में कुछ भंग डाल दिया। पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस के पास पहुंचते ही काफिले में शामिल घोड़ी पस्त होकर गिर पड़ी और उसकी मौत हो गई।
विधायक बोले-तेज धूप और गर्मी के चलते उसकी तबीयत बिगड़ी। घोड़ी मालिक को मुआवजा दे दिया जाएगा।