अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव व यूपी प्रभारी मधुसूदन मिस्त्री ने कहा कि प्रदेश की जनता को लाशों की राजनीति करने वाली पार्टियों को सबक सिखाना चाहिए।
भाजपा व सपा का नाम लिए बगैर मिस्त्री ने कहा कि कुछ दल भाई-भाई को लड़ाकर सिर्फ सत्ता पाना चाहते हैं।
लेकिन कांग्रेस इनके मंसूबों को कामयाब नहीं होने देगी। सपा सरकार का गरीबों से कोई लेना देना नहीं है।
यही वजह है कि गरीबों के लिए लाए गए खाद्य सुरक्षा कानून को प्रदेश सरकार लागू नहीं कर रही है।
यहां लक्ष्मण मेला मैदान में एकत्र हुए कांग्रेसी नेताओं व कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मिस्त्री ने कहा कि कांग्रेस आज गरीबों की आवाज बनकर आई है।
प्रदेश अध्यक्ष निर्मल खत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेसी खाद्य सुरक्षा कानून लागू करवाकर रहेंगे।
केंद्रीय मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार को यह लग रहा है कि अगर यह बिल लागू हो जाएगा तो इसका फायदा कांग्रेस को मिल जाएगा।
प्रदेश के यही हालात रहे तो यूपी में भूख क्रांति आ जाएगी। इस क्रांति में यहां की सरकार भी उखड़ जाएगी।
विधानमंडल दल के नेता प्रदीप माथुर ने कहा कि सपा सरकार यह चाहती है कि प्रदेश के गरीब भूखे रहें।
सत्ता हथियाने के लिए प्रदेश में हिन्दू व मुस्लिम वोटों का ध्रुवीकरण किया जा रहा है। भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी को भी जबान पर लगाम लगाने की हिदायत दी।
प्रमोद तिवारी ने कहा कि हर गरीब को खाद्य सुरक्षा का सोनिया गांधी का सपना जरूर पूरा होगा। कोई भी गरीब भूखा न सोए, इसलिए सोनिया गांधी ने यह कानून बनाया है।
अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष पीएल पुनिया ने कहा कि सरकार यह कानून न लागू कर गरीबों को उनका हक देने से बच रही है।
इस मौके पर सांसद प्रवीण सिंह ऐरन, कमल किशोर कमांडो, विश्वजीत सिंह, रत्ना सिंह, नीरज बोरा, विनय सिंह, भगत राम मिश्र, धर्मराज दुबे, बृजेन्द्र मिश्र, अजय कुमार सिंह अज्जू, शब्बीर अहमद, डॉ. मेराजुद्दीन, एमआरआर खान आदि प्रमुख रूप से उपस्थित थे।