लापता बीकॉम के छात्र की हत्या, दो युवकों के खिलाफ एफआईआर
लखनऊ। गाजीपुर इलाके में 22 दिसंबर को मिला शव बीकॉम के छात्र सूरज यादव का था। बुधवार को परिजनों ने शव की शिनाख्त की। मृतक के पिता भदोही निवासी रमेश यादव ने संदेश तिवारी और कृष्णा के खिलाफ गाजीपुर थाने में हत्या का केस दर्ज कराया है।
भदोही के महदवां ज्ञानपुर निवासी किसान रमेश यादव का 22 वर्षीय बेटा सूरज चाचा दिनेश यादव के साथ गाजीपुर के रवींद्रपल्ली में रहता था। वह प्राइवेट कॉलेज से बीकॉम कर रहा था। 21 दिसंबर की सुबह सूरज घर से निकले और लापता हो गए। 24 दिसंबर तक उनके मोबाइल फोन पर घंटी जाती रही, पर बात नहीं हो सकी। परिजन लगातार उनको तलाश रहे थे। 25 दिसंबर को दिनेश के बेटे अभिषेक के पास संदेश तिवारी नाम के युवक ने फोन किया। बताया कि सूरज के कपड़े बादशाहनगर और लेखराज के बीच रेल लाइन के किनारे पड़े है। इसके बाद उसने फोन काट दिया।
परिजनों ने फिर से संदेश को कॉल की तो उसने कृष्णा नाम के एक युवक को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग पर ले लिया। कृष्णा ने रेल लाइन किनारे झाड़ियों के पास सूरज के कपड़े दिखाए और कॉल काट दी। पुलिस के साथ परिजन मौके पर पहुंचे तो वहां से सूरज के कपड़े मिले। गाजीपुर पुलिस ने बताया कि 22 दिसंबर को इसी जगह एक युवक का क्षत-विक्षत शव मिला था। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर शिनाख्त की।
रमेश ने संदेश तिवारी और कृष्णा पर बेटे की हत्या का आरोप लगाते हुए गाजीपुर थाने में केस दर्ज कराया है। इंस्पेक्टर विकास राय ने बताया कि अभी तक की गई छानबीन में छात्र के ट्रेन से कटने की बात पता चली है। परिजनों की तहरीर पर हत्या का केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।