लखनऊ। प्राइवेट बैंक के कलेक्शन एजेंट राजाजीपुरम सपना कॉलोनी निवासी अरुण प्रताप सिंह से शुक्रवार रात बाजारखाला इलाके में बाइक सवार दो बदमाश कलेक्शन के 1.42 लाख रुपये लूट ले गए। छीना-झपटी के दौरान अरुण चलती बाइक से गिरकर चोटिल हो गए। पुलिस ने लूट का केस दर्ज कर लिया है। तीन टीमें लुटेरों की तलाश में लगी हैं।
डीसीपी पश्चिम विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि अरुण प्रताप सिंह एयरटेल पेमेंट बैंक में बतौर कलेक्शन एजेंट काम करते हैं। शुक्रवार रात करीब आठ बजे वह रोज की तरह कलेक्शन करके बाइक से घर जा रहे थे। रुपये का बैग उनकी बाइक की हैंडिल पर टंगा था। बाजारखाला स्थित कल्याण मंडप के पास पीछे से एक बाइक सवार दो बदमाश पहुंचे और चलती बाइक से अरुण से बैग छीनने लगे। छीना-झपटी के दौरान अरुण बाइक से अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़े। रुपये से भरा बैग का पट्टा टूट गया और बदमाश बैग लूटकर भाग निकले।
काफी दूर तक बाइक के साथ घिसटते चले गए अरुण
लूटपाट के दौरान असंतुलित होकर बाइक से गिरे अरुण कुछ दूर तक बाइक सहित घिसटते हुए चले गए। इस दौरान उनके हाथ व पैर में चोट भी लगी। चोटिल होने के बावजूद वह हिम्मत करके खड़े हुए और शोर मचाया।
शोर सुन आसपास के लोग उनकी मदद के लिए एकत्र हुए, पर तब तक लुटेरे भाग चुके थे। लूट की सूचना मिलते ही मौके पर बाजारखाला पुलिस व अन्य अधिकारी पहुंच गए। चोटिल अरुण का प्राथमिक उपचार कराया गया।
सीसीटीवी कैमरे में दिखे लुटेरे, इलाकाई बताए गए
डीसीपी ने बताया कि पीड़ित अरुण की तहरीर पर लूट का केस दर्ज किया गया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से लुटेरों की फुटेज मिली है। पुलिस की तीन टीमों को उनकी तलाश में लग दिया गया है। अब तक की छानबीन व जांच में ऐसा लग रहा है कि वारदात को अंजाम देने वाले बदमाश इलाके के ही हैं।