लखनऊ। मड़ियांव इलाके में 14 जुलाई की रात बिजली विभाग के जेई अश्विनी कुमार वर्मा से ऑटो सवार चार बदमाशों ने 20 हजार रुपये और दो मोबाइल फोन लूट लिए। विरोध पर बदमाशों ने उन्हें पीटा और धमकी दी। पुलिस ने लूट की एफआईआर दर्ज की है।
मड़ियांव के महर्षि नगर निवासी अश्विनी कुमार बाराबंकी के सुबेहा उपकेंद्र में कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि 14 जुलाई को वह बेटे की तबीयत खराब होने पर बाराबंकी से लखनऊ आए थे। मड़ियांव स्थित प्रधान मैरिज लॉन के पास उन्होंने घर जाने के लिए ऑटो लिया। ऑटो में चालक सहित चार लोग मौजूद थे। कुछ दूर जाने पर चालक ने ऑटो को मधुवन विहार कॉलोनी की गलियों में मोड़ दिया। उन्होंने सवाल किया तो पीछे बैठे बदमाशों ने उनका मुंह दबा दिया। विरोध पर आरोपियों ने उन्हें पीटा।
बदमाशों ने उनसे 20 हजार रुपये और दो मोबाइल फोन लूट लिए। इसके बाद सुनसान जगह पर उन्हें चलते ऑटो से धक्का देकर भाग गए। उन्होंने राहगीर की मदद से पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। इंस्पेक्टर शिवानंद मिश्र ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज से लुटेरों के बारे में अहम सुराग मिले हैं, जिस पर पुलिस टीम काम कर रही है।