लखनऊ में गोमतीनगर के विशालखंड में एलडीए ने मंगलवार को जिस होटल मिलानो एवं कैफे को सील किया उसका मानचित्र मकान का पास कराया गया था। मकान के मानचित्र पर होटल को बना लिया। एलडीए ने होटल को सील करने के बाद प्रबंधक को नोटिस जारी कर 12 जनवरी को जवाब तलब किया है।
जोनल अधिकारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि विशाल खंड में भूखंड संख्या 2/91 के 200 वर्ग मीटर पर यह व्यावसायिक परिसर दो मंजिल का है, और तीसरे मंजिल पर टीन शेड को डाला गया है। सीलिंग के दौरान जिम्मेदार नहीं मिले, जिसके कारण प्रबंधक के नाम से नोटिस होटल में देकर सूचना को चस्पा कर दिया गया है। 12 जनवरी को सुनवाई में कोई नहीं आएगा तो होटल को गिराने का आदेश जारी कर दिया जाएगा। होटल को सील करने के बाद कोई मानचित्र पेश नहीं किया जा सका। जोनल अधिकारी ने बताया कि इस होटल में बज रहे डीजे का मेजर ने विरोध किया था तो उसकी कार को फूंक दिया गया था। कमिश्नरेट पुलिस ने बीते सोमवार को होटल की जांच कर अवैध होने पर सील करने के लिए एलडीए पत्र भेजा था।
(
यहां पढ़ें पूरा मामला)
पढ़ें पूरी खबर - अवैध होटल में डीजे बंद कराया तो मेजर की कार फूंक दी, पांच गिरफ्तार, सील किया गया होटल
ये भी पढ़ें - लखनऊ के मशहूर जायकों का लुत्फ उठा सकेंगे रेल यात्री, लोकल फूड वेंडरों को पंजीकृत कर रहा आईआरसीटीसी
-
गोमतीनगर में ऐसे 75 होटल
होटल एसोसिएशन पदाधिकारियों का कहना कि गोमतीनगर में ऐसे 75 होटल है, जो घरों में चल रहे हैं। ऐसे होटलों पर नाम के बोर्ड नहीं लगे, जिसमें ऑनलाइन कमरे बुक होते। ऐसे होटलों की जानकारी एलडीए के इलाकाई इंजीनियरों को भी है, मगर कार्रवाई करना तो दूर, नये होटल सरपरस्ती में बन रहे हैं। जिनके भी मानचित्र आवासीय हैं।
मेजर की कार फूंकने वाले पांच गये जेल, एक की तलाश
प्रभारी निरीक्षक गोमतीनगर दिनेश चंद्र मिश्रा के मुताबिक विशालखंड निवासी मेजर अभिजीत सिंह की कार फूंकने वाले पांच आरोपियों प्रतापगढ़ के मेदनीगंज निवासी शिवम प्रताप सिंह, ऋषभ सिंह व शुभम सिंह, जौनपुर के केराकत निवासी ऋषभ सिंह व रायबरेली के सलोन निवासी सौरभ श्रीवास्तव को इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया है। इन सभी को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से कोर्ट ने जेल भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक इस मामले में एक आरोपी राहुल अभी पुलिस गिरफ्त से बाहर है। उसकी तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है।
यह था मामला
विशालखंड निवासी मेजर अभिजीत सिंह के बेटे की तबियत खराब थी। रविवार रात करीब साढे 11 बजे तक डीजे नहीं बंद हुआ तो होटल में जाकर डीजे बंद करने के लिए कहा तो कुछ देर में बंद करने का हवाला दिया। इस पर वापस घर आ गया। करीब 12 बजे तक गाना उसी तरह बजता रहा तो पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। पुलिस ने साइरन बजाया तो डीजे बंद कर दिया। पुलिस के जाते ही पांच मिनट बाद फिर से बजाने लगे। थाने पर कॉल कर डीजे बंद कराने के लिए कहा तो पुलिस आई इस बात से नाराज दो लोग आए और झगड़ने लगे। हालांकि पुलिस के वीडियो बनाने पर कुछ नहीं किया और डीजे बंद कर दिया। लेकिन करीब 3 बजे बाहर से शोरगुल सुनाई दिया तो देखा कार जल रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दमकल कर्मियों की मदद से आग पर काबू पाया। वहीं पुलिस ने मेजर अभिजीत की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया।