अगले 15 साल में पूरा शहर मेट्रो ट्रेन की जद में होगा। एलएमआरसी ने 150 किमी मेट्रो चलाने का खाका खींचा है। इसके लिए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने 56 किमी की टेक्नो फिजिबिलिटी स्टडी भी पूरी कर ली है।
शहीद पथ, गोमतीनगर विस्तार, पीजीआई, कपूरथला, खुर्रमनगर, सीतापुर रोड पर मेट्रो के नए रूट होंगे। यानी पूरा शहर कवर हो जाएगा। इसपर करीब 40 हजार करोड़ रुपये खर्च आने का अनुमान है।
डीएमआरसी के अफसर इस बाबत 6 जनवरी को मुख्य सचिव आलोक रंजन के सामने प्रस्तुतीकरण देंगे। एलएमआरसी के अफसरों के समक्ष डीएमआरसी के अफसर प्रजेंटेशन पहले ही दे चुके हैं। रिपोर्ट के लिए डीएमआरसी को प्रदेश सरकार ने 2.80 करोड़ रुपये दिए थे।
मेट्रोमैन डॉ. ई. श्रीधरन ने काफी पहले ही कह दिया था कि आने वाले 15 साल में राजधानी में 150 किलोमीटर मेट्रो चलेगी। इसमें अमौसी से मुंशीपुलिया और चारबाग से बसंतकुंज के बाद रूट बढ़ते जाएंगे।
सबसे पहले शहीद पथ पर 19 किलोमीटर, गोमती नगर विस्तार में 3.50 किलोमीटर, पुराने रिंग रोड से सीतापुर रोड तक, बीच में खुर्रम नगर से गोल मार्केट तक, टेढ़ी पुलिया से कपूरथला तक, दूसरी ओर रायबरेली रोड पर पीजीआई तक, मवइया से मिल रोड होते हुए राजाजीपुरम की कॉलोनियों तक मेट्रो का नेटवर्क होगा।
इसमें 23 किलोमीटर ट्रांसपोर्ट नगर से मुंशीपुलिया और 16 किलोमीटर चारबाग से बसंत कुंज की दूसरी लाइन होगी। जबकि, रिंग लाइन, मिल रोड, गोमती नगर एक्सटेंशन लाइन की तीन और लाइनें भी प्रस्तावित हैं।