ट्रांसपोर्ट नगर से चारबाग तक मेट्रो के सभी आठों स्टेशनों पर बृहस्पतिवार से तीन दिनों तक काउंटर से टिकट नहीं मिलेगा। इस दौरान सिर्फ टोकन वेंडिंग मशीन और गो-स्मार्ट कार्ड से ही टिकट लिए जा सकेंगे। एलएमआरसी ने यह रोक रीचार्ज कार्ड टर्मिनल मशीन (आरसीटीएम) और टोकन वेंडिंग मशीन (टीवीएम) के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए लगाई है।
एलएमआरसी के जनसंपर्क अधिकारी अमित श्रीवास्तव ने बताया कि 8 से 10 फरवरी तक ट्रांसपोर्ट नगर से चारबाग तक सभी मेट्रो स्टेशनों पर काउंटर से टिकट नहीं दिया जाएगा। यात्री सिर्फ टीवीएम और आरसीटीएम से ही टिकट ले सकेंगे।
हर स्टेशन पर चार ऑटोमेटिक टोकन वेंडिंग मशीनें लगाई गई हैं। यात्रियों को मशीनों के इस्तेमाल में किसी तरह की परेशानी न हो इसके लिए एलएमआरसी के कर्मचारी हर स्टेशन पर मशीन के पास मौजूद रहेंगे।
इनको मिला पुरस्कार
लखनऊ मेट्रो स्मार्ट कार्ड
एलएमआरसी गो-स्मार्ट कार्ड का इस्तेमाल करने वालों को पुरस्कृत करने के लिए योजना चला रही है। इसके तीसरे राउंड में बुधवार को दस यात्रियों को पुरस्कृत किया गया। पीआरओ अमित श्रीवास्तव ने बताया कि प्रतियोगिता में विजयी दस यात्रियों को 100 रुपये के गो-स्मार्ट कार्ड का रिचार्ज कूपन दिया गया है। पुरस्कार पाने वालों में हरवीर सिंह, प्रतीक पिल्लै, अंकुर, शिशिर पटेल, सीमा जैन, प्राकुल चंद्रा, मिंटू प्रसाद सोनी, दिविक वर्मा, जया वर्मा और फैज शामिल हैं।