देश-विदेश से आने वाले पर्यटक धीमी रफ्तार ट्रेन से दुधवा नेशनल पार्क के प्राकृतिक व वन्य जीवों के नजारों का लुत्फ ले सकेंगे। यह ट्रेन दुधवा स्थित मैलानी से बिलराया स्टेशन तक का 35 किमी. लंबा सफर साढ़े तीन घंटे में तय करेगी।
9 से 11 फरवरी तक दुधवा में होने वाले बर्ड फेस्टिवल में इस सुविधा का ट्रायल लिया जाएगा। वन मंत्री दारा सिंह चौहान ने बताया कि इस सेवा को स्थायी करने के लिए रेल मंत्रालय से भी बातचीत की जा रही है।
वन मंत्री ने बताया कि बर्ड फेस्टिवल का उद्घाटन 9 फरवरी को दिन में 12 बजे सीएम योगी आदित्यनाथ करेंगे। मुख्य आकर्षणों का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि तीनों दिन 10 बोगियों की ट्रेन 10 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से दुधवा नेशनल पार्क का सफर तय करेगी। इसके लिए पूर्वोत्तर रेलवे की सहमति मिल गई है। प्रतिभागी इस सेवा का निशुल्क लुत्फ ले सकेंगे।
रेल मंत्रालय से हरी झंडी मिलते ही इस सेवा को स्थायी रूप प्रदान कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य थारू महिलाओं का सशक्तीकरण एवं उनके लिए आय के अतिरिक्त स्रोत विकसित करना है।
फेस्टिवल में प्रदेश की हस्तकला और अन्य सामग्रियों के प्रदर्शन एवं बिक्री के लिए 30 स्टॉल लगाए जाएंगे। इस मौके पर सीएम कॉफी टेबल बुक, लखनऊ जू पर बनी पुस्तक और ईको सर्किट बोर्ड का विमोचन भी किया जाएगा।
प्रवासी पक्षियों को भी देख सकेंगे पर्यटक
- फोटो : amar ujala
फरवरी के दूसरे सप्ताह में दुधवा राष्ट्रीय उद्यान में विभिन्न देशों से आने वाले प्रवासी पक्षी और दक्षिण प्रांतों से लौटने वाले पक्षियों से गुलजार रहता है। पार्क में लुप्तप्राय बंगाल फ्लोरिकन समेत पक्षियों की 450 से अधिक प्रजातियां पाई जाती हैं। वन मंत्री ने बताया कि फेस्टिवल में अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त पर्यावरण संरक्षक एवं फिल्म निर्माता माइक पांडे, टिम एपलटन, रैन लेवी सरीखे पक्षीविद भी शामिल होंगे।
विद्यार्थियों के लिए निशुल्क बसों का इंतजाम
विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण की भावना पैदा करने के लिए उन्हें कार्यक्रम स्थल तक लाने-ले जाने के लिए बसों का इंतजाम किया गया है। यह सुविधा दुधवा के आसपास के शहरों, कस्बों व ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले विद्यार्थियों को मिलेगी। फेस्टिवल में पक्षी प्रेमियों और विद्यार्थियों की भागीदारी के लिए बहराइच, लखीमपुर, लखनऊ, सीतापुर, हरदोई, गोंडा, शाहजहांपुर, पीलीभीत और बरेली से विशेष बसों का संचालन किया जाएगा। बच्चों के लिए रोचक कार्यक्रम और चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जाएगा। ईको विकास समितियों का सहयोग भी लिया जा रहा है, ताकि रोजगार के अवसरों में वृद्धि हो सके।
हर जिले में होंगे बर्ड वाचिंग कार्यक्रम
वन मंत्री ने बताया कि 9 फरवरी को प्रदेश के सभी जिलों में बर्ड वाचिंग कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। कई जिलों के दिव्यांग और अनाथ आश्रम के बच्चे भी बर्ड वाचिंग कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।