लखनऊ मेट्रो का ट्रेवल कार्ड पूरी तरह स्मार्ट होगा। स्मार्ट सिटी बनने जा रहे लखनऊ को ध्यान में रखते हुए इस स्मार्ट कार्ड से 28 सेवाओं को जोड़ने की तैयारी है। ये वन सिटी, वन टिकट की थीम पर काम करेगा।
इस प्रोजेक्ट पर काम करने के लिए चेक गणराज्य की कंपनी माइक्रोइलैक्ट्रॉनिका को पहले ही लखनऊ मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (एलएमआरसी) चुन चुका है। अभी सिटी बस, पार्किंग की टिकट को इस कार्ड से जोड़ने के लिए एमओयू हो चुका है।
अगले चरण में एलडीए की पब्लिक बाइसिकल शेयरिंग (पीबीएस) सिस्टम को भी इससे जोड़ा जा सकेगा।
बुधवार को प्रेसवार्ता में एमडी कुमार केशव ने बताया कि स्मार्ट कार्ड के डिजाइन पर काम शुरू हो गया है। जल्दी ही इसका डिजाइन बनकर एलएमआरसी को मिल जाएगा।
हम ज्यादा से ज्यादा सेवाएं स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में इस कार्ड से जोड़ना चाहते हैं। ऐसे में कंपनी का सेंट्रल क्लीयरिंग हाउस (सीसीएच) भी 28 सेवाओं को अपने से लिंक करने की क्षमता के साथ तैयार किया जाएगा।