राजधानी में 14 सितंबर से मेट्रो रेल का काम शुरू होगा। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को सीएमओ गवर्नमेंट ऑफ यूपी अकाउंट पर यह ट्वीट किया।
वहीं, लखनऊ मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के अफसरों को इसके लिए तैयारियां शुरू करने को कहा गया है। सितंबर के पहले सप्ताह में उस कंपनी का ऐलान हो जाएगा, जो इस परियोजना का निर्माण करेगी।
कहा जा रहा है कि दिसंबर-2016 तक राजधानी के लोग मेट्रो रेल का लुत्फ उठा सकेंगे।
टेंडर प्रक्रिया अंतिम दौर में
सबसे पहले 32 वीं वाहिनी पीएसी में मदर डिपो के काम के साथ ही निर्माण शुरू होगा। जबकि इसके आगे का काम भी धीरे-धीरे चालू करा दिया जाएगा।
मदर डिपो पर काम शुरू करने में एलएमआरसी को कोई भी दिक्कत नहीं है। यहां की जमीन एलएमआरसी के हवाले हो चुकी है।
मदर डिपो से लेकर चारबाग तक प्राइमरी सेक्शन का काम करने के लिए टेंडर प्रक्रिया अब अंतिम दौर में है। कंपनी अगले कुछ दिनों में औपचारिक तौर पर तय भी हो जाएगी। जिसके बाद में निर्माण भी शुरू हो जाएगा।
श्रीधरन की मौजूदगी में होगा आगाज
सिविल कार्यों के टेंडर में वित्तीय बिड तक प्रक्रिया पहुंच चुकी है। ऐसे में कंपनी तय कर काम शुरू किया जाना ही बाकी है। एलएमआरसी के सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का आदेश है कि 14 सितंबर को मेट्रो रेल परियोजना में निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाए।
23 किमी के नॉर्थ-साउथ कॉरिडोर में पहले आठ किमी में सबसे पहले काम का आगाज किया जाएगा। ट्रांसपोर्ट नगर से चारबाग के बीच उपरिगामी मेट्रो दौडे़गी।
2016 के अंत तक हर हाल में काम खत्म होना है। गौरतलब है कि 12 और 13 सितंबर को मेट्रो के निदेशकों की भर्ती के लिए मुख्य सचिव आलोक रंजन, प्रधान सलाहकार ई. श्रीधरन और एमडी कुमार केशव साक्षात्कार लेंगे। इसके बाद में ई. श्रीधरन की मौजूदगी में ये परियोजना शुरू हो जाएगी।