लखनऊ। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूपीएमआरसी) ने गो स्मार्ट कार्ड को नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी) में निशुल्क बदलने की अवधि 30 अक्तूबर तक बढ़ा दी है। पहले यह सुविधा 23 अक्तूबर तक थी। अब तक 62 हजार से अधिक यात्री इसका लाभ उठा चुके हैं।
कार्ड बदलवाने के लिए यात्रियों को पहले पुराने कार्ड की शेष राशि खर्च करनी होगी। इसके बाद मेट्रो स्टेशन के टिकट काउंटर पर सत्यापन कराकर सरेंडर रसीद और पुराना कार्ड एयरटेल पेमेंट बैंक कियोस्क पर जमा करना होगा। मोबाइल ओटीपी सत्यापन के बाद नया कार्ड निशुल्क मिलेगा। एनसीएमसी इंटरऑपरेबल परिवहन कार्ड है। इससे देश्न्य की मेट्रो, बसों और पार्किंग सेवाओं में भी भुगतान किया जा सकता है। लखनऊ मेट्रो में हर यात्रा पर 10 फीसदी की छूट भी मिलती है।