फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

केशव के घर एकजुटता का संदेश : साढ़े चार साल में पहली बार डिप्टी सीएम के घर पहुंचे योगी

Wed, 23 Jun 2021 08:47 PM IST
पंकज श्रीवास्‍तव न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ

सार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत संघ और भाजपा के चुनिंदा दिग्गज नेता केशव के घर दोपहर भोज पर पहुंचे।
विज्ञापन
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के घर से बाहर निकलते मुख्यमंत्री योगी। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का राजधानी स्थित आवास मंगलवार को सियासी घटनाक्रम का केंद्र बन गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत संघ और भाजपा के चुनिंदा दिग्गज नेता केशव के घर दोपहर भोज पर पहुंचे। भोज के बाद शाम को संघ और भाजपा के शीर्ष नेताओं ने पार्टी दफ्तर में योगी मंत्रिपरिषद और प्रमुख नेताओं के साथ बैठक की। भाजपा में पूरे दिन चले सियासी घटनाक्रम का मकसद विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी में एकजुटता का संदेश देने का था, जिसमें काफी हद तक सफलता भी मिलती भी दिखाई दी।

विज्ञापन


साढ़े चार साल में यह पहला मौका था जब मुख्यमंत्री योगी केशव के आवास पर गए। बहाना भले ही केशव के पुत्र के विवाह के बाद भोज का था, लेकिन जिस तरह से उनके आवास पर योगी समेत चुनिंदा दिग्गज नेताओं का जमावड़ा हुआ, उससे यह साफ संकेत मिला कि विधानसभा चुनाव को लेकर संघ और भाजपा नेतृत्व किसी तरह का जोखिम उठाने को तैयार नहीं है।

 

राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि विधानसभा चुनाव से पहले संघ के शीर्ष पदाधिकारियों की मौजूदगी में योगी व केशव की मुलाकात के जरिये यह संदेश देने की कोशिश की गई कि दोनों में कोई मनमुटाव नहीं है। भाजपा के उच्चपदस्थ सूत्रों की मानें तो सोमवार रात सीएम आवास पर हुई भाजपा कोर कमेटी बैठक के दौरान नेताओं ने केशव को उनके पुत्र के विवाह की शुभकामनाएं व बधाइयां दीं तो उन्होंने सभी को मंगलवार को दोपहर अपने घर पर भोजन पर आमंत्रित कर लिया।

चुनावी रणनीति पर बैठक के बाद पहुंचे दोपहर भोज के लिए पहुंचे
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष, आरएसएस के सर कार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले और सह सर कार्यवाह कृष्ण गोपाल व संघ के क्षेत्रीय पदाधिकारियों ने पूर्वाह्न पार्टी कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इसके बाद होसबाले, कृष्ण गोपाल समेत संघ और भाजपा के कुछ नेता केशव के आवास पर दोपहर भोज में पहुंचे। इसमें मुख्यमंत्री भी शामिल हुए। केशव ने योगी व अन्य लोगों को अंगवस्त्र पहनाकर गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।

विज्ञापन


भोज के बाद मंत्रियों की बैठक, सामंजस्य का पाठ पढ़ाया गया
केशव के घर हुई एकजुटता की इस बड़ी पहल के बाद भाजपा प्रदेश मुख्यालय में मंत्रियों की बैठक हुई। इसमें पूर्व प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी, पूर्व वित्त मंत्री राजेश अग्रवाल, पूर्व बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री अनुपमा जायसवाल सहित अन्य प्रमुख लोगों को भी आमंत्रित किया गया। बैठक में सभी को सामंजस्य बनाकर चुनाव में पूरी ताकत के साथ जुटने का पाठ पढ़ाया गया।

विवाह भोज के बहाने मतभेद न होने का संदेश
मुख्यमंत्री योगी मंगलवार दोपहर जब केशव के घर पहुंचे तो सियासी गलियारों के साथ मीडिया और प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई। करीब 100 मीटर की ही दूरी पर रहते हुए सीएम योगी साढ़े चार साल में पहली बार उनके घर पहुंचे और बेटे के विवाह की शुभकामनाएं दीं। जानकारों का मानना है कि संघ के शीर्ष पदाधिकारियों की मौजूदगी में हुई मुलाकात की फोटो भी जारी की गई ताकि पिछड़े वोट बैंक के साथ कार्यकर्ताओं में यह संदेश जाए कि दोनों में कोई मतभेद या मनभेद नहीं है।

मतभेद की चर्चाओं पर शर्मा ने लगाया विराम
आईएएस की नौकरी छोड़कर भाजपा के एमएलसी बने अरविंद कुमार शर्मा और मुख्यमंत्री के बीच शुरू से ही राजनीतिक मतभेद की चर्चाएं चल रही थीं। शर्मा को योगी कैबिनेट में उप मुख्यमंत्री या कैबिनेट मंत्री बनाने के कयास लगाए जा रहे थे। शर्मा की ओर से किए जाने वाले ट्वीट भी कहीं ना कहीं मतभेद की चर्चाओं को हवा देते थे। बीते दिनों लखनऊ से दिल्ली तक चले राजनीतिक घटनाक्रम के बाद शर्मा को सरकार की जगह संगठन में जगह देकर प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त कर दिया गया। इसके बाद शर्मा ने भी प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह को लिखे पत्र में योगी के नेतृत्व में 2022 का चुनाव जीतने की बात कर तमाम चर्चाओं पर विराम लगा दिया।

बीएल संतोष ने दी बधाई
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष ने सैमसंग की ओर से डिस्प्ले मैन्युफैक्चरिंग यूनिट को चीन से हटाकर यूपी के नोएडा में स्थापित कराने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बधाई दी है। बीएल संतोष ने यूपी भाजपा के ट्वीट को रिट्वीट कर शुभकामनाएं दी हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें