बोगी के नीचे बैठे युवक को बाहर निकालने का प्रयास करते लोग
- फोटो : अमर उजाला
चारबाग रेलवे स्टेशन पर रविवार दोपहर उस वक्त हंगामा हो गया, जब एक मानसिक मंदित युवक गोरखपुर पनवेल एक्सप्रेस की बोगी के नीचे जाकर बैठ गया। आनन-फानन में स्टेशन प्रशासन मौके पर पहुंचा और काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला जा सका।
इससे ट्रेन करीब एक घंटा लेट हो गई। उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के चारबाग रेलवे स्टेशन पर दोपहर 2.10 बजे गोरखपुर पनवेल एक्सप्रेस प्लेटफार्म नंबर एक पर पहुंची। ट्रेन कानपुर के लिए रवाना होने को थी, इसी बीच यात्रियों ने देखा कि एक युवक इंजन के पीछे तीसरी बोगी के नीचे पटरियों पर जाकर बैठा हुआ है।
यात्रियों ने बोगी से उतरकर उसे बाहर निकालने का प्रयास किया, पर वह नहीं निकला तो जीआरपी व आरपीएफ मौके पर स्टेशन प्रशासन के साथ पहुंची। युवक को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। उसके निकलने के बाद ट्रेन एक घंटे से अधिक की देरी से दोपहर साढ़े तीन बजे चारबाग से रवाना हो सकी। इससे यात्रियों को परेशानी हुई। युवक को अस्पताल भेज दिया गया।