लखनऊ। जिले की एम पैक्स समितियों में इस बार 25 हजार नए सदस्य बनाए जाएंगे। इसके लिए 12 सितंबर से 12 अक्तूबर तक सदस्यता महाअभियान शुरू किया जाएगा। विकास भवन सभागार में हुई एम पैक्स की कार्यशाला में लक्ष्य निर्धारित करने के साथ सचिवों को नए सदस्य बनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कार्यशाला में सहकारिता की सहायक निबंधक वैशाली सिंह ने कहा कि जिले में सक्रिय सभी 73 साधन सहकारी समितियों के सचिवों को अभियान में जुट जाएं। कोई भी किसान बंटाईदार समिति का सदस्य बन सकता है। उन्होंने सचिवों को किसानों के बीच जाकर सदस्य बनने से होने वाले लाभ की भी उन्हें जानकारी देने को कहा।
मुख्य अतिथि यूपीसीएलडीएफ सभापति विरेंद्र तिवारी ने सहकारिता को मजबूत करने के लिए सभी से आगे आने को कहा। अध्यक्षता डीसीबी के सभापति वीरेंद्र प्रताप सिंह ने की। कार्यशाला में मौजूद भाजपा जिलाध्यक्ष ने भी सदस्यता अभियान में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। कार्यशाला में सभी बी-पैक्स सचिव, अध्यक्ष, उपसभापति, संचालकगण, डीसीबी के शाखा प्रबंधक, इफको के पदाधिकारी, ग्राम विकास बैंक के शाखा प्रबंधक, एडीओ (सहकारिता), अपर जिला सहकारी अधिकारी, तहसील प्रभारी आदि मौजूद रहे।