प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत रूफटॉप सोलर स्थापना में उत्तर प्रदेश ने सितंबर में 74,796 रूफटॉप सोलर प्लांट स्थापित किए। यूपी पूरे देश में पहले स्थान पर रहा। इस दौरान आंध्र प्रदेश 69,813 और महाराष्ट्र 60,907 इंस्टॉलेशन के साथ क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। सितंबर के आंकड़ों में गुजरात में 45,616 और केरल में 30,315 रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन दर्ज किए गए। इस तरह सितंबर की मासिक स्थापना में उत्तर प्रदेश शीर्ष पर रहा।
पीएम सूर्य घर योजना के वेंडरों की बैठक बेनतीजा खत्म
आलमबाग। पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत रूफटॉप सोलर प्लांट लगाने वाले वेंडरों ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। शनिवार दोपहर करीब 12 बजे कृष्णानगर स्थित इंद्रलोक बिजली कार्यालय में अधीक्षण अभियंता अविनाश कुमार की अध्यक्षता में वेंडरों की समस्याओं के समाधान के लिए बैठक बुलाई गई थी। वेंडरों ने आरोप लगाया कि बिना निरीक्षण के ही आवेदन निरस्त कर दिए जाते हैं। समाधान न होने पर वेंडरों ने हंगामा शुरू कर दिया, जिसके बाद बैठक रद्द हो गई। आरोप है कि अधिकारी वेंडरों की समस्याएं सुने बिना ही वहां से चले गए।मुख्य अभियंता रामकुमार ने बताया हंगामे के चलते बैठक के बिंदुओं पर चर्चा नहीं हो पाई। वेंडरों के मुताबिक सोलर प्लांट की इंस्टॉलेशन डिटेल और जरूरी दस्तावेज पोर्टल पर अपलोड करने के बाद भी विभागीय कर्मचारी उपभोक्ता के घर निरीक्षण किए बिना ही आवेदन निरस्त कर देते हैं। इसके अलावा सोलर प्लांट लगने के बाद मीटर बदलने में भी अनावश्यक देरी की जा रही है। इससे वेंडर और उपभोक्ता परेशान हो रहे हैं। वेंडरों ने बिना निरीक्षण आवेदन निरस्त करने की प्रक्रिया बंद करने और मीटर बदलने समेत लंबित मामलों के समयबद्ध निस्तारण की मांग की।