आलमबाग। पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत रूफटॉप सोलर प्लांट लगाने वाले वेंडरों ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। शनिवार दोपहर करीब 12 बजे कृष्णानगर स्थित इंद्रलोक बिजली कार्यालय में अधीक्षण अभियंता अविनाश कुमार की अध्यक्षता में वेंडरों की समस्याओं के समाधान के लिए बैठक बुलाई गई थी। वेंडरों ने आरोप लगाया कि बिना निरीक्षण के ही आवेदन निरस्त कर दिए जाते हैं। समाधान न होने पर वेंडरों ने हंगामा शुरू कर दिया, जिसके बाद बैठक रद्द हो गई। आरोप है कि अधिकारी वेंडरों की समस्याएं सुने बिना ही वहां से चले गए।मुख्य अभियंता रामकुमार ने बताया हंगामे के चलते बैठक के बिंदुओं पर चर्चा नहीं हो पाई। वेंडरों के मुताबिक सोलर प्लांट की इंस्टॉलेशन डिटेल और जरूरी दस्तावेज पोर्टल पर अपलोड करने के बाद भी विभागीय कर्मचारी उपभोक्ता के घर निरीक्षण किए बिना ही आवेदन निरस्त कर देते हैं। इसके अलावा सोलर प्लांट लगने के बाद मीटर बदलने में भी अनावश्यक देरी की जा रही है। इससे वेंडर और उपभोक्ता परेशान हो रहे हैं। वेंडरों ने बिना निरीक्षण आवेदन निरस्त करने की प्रक्रिया बंद करने और मीटर बदलने समेत लंबित मामलों के समयबद्ध निस्तारण की मांग की।