लखनऊ। इंसानियत और उदारता की मिसाल पेश करता देवसु थिएटर आर्ट्स सोसाइटी का नाटक मीठी ईद रंगप्रेमियों के दिलों में गहरी छाप छोड़ गया। उत्तर प्रदेश उर्दू अकादमी के सहयोग से यूपी संगीत नाटक अकादमी के वाल्मीकि प्रेक्षागृह में बृहस्पतिवार को मंचित इस नाटक से मेहनत, ईमानदारी और जाति-धर्म से ऊपर उठकर मानवीय रिश्तों को संजोने का संदेश दिया गया।
नाटक की कथा विजय नामक रेलवे इंजीनियर के इर्द-गिर्द घूमती है, जो रेल हड़ताल के दौरान मजदूरों का समर्थन करता है, जिसके कारण उसे जम्मू स्थानांतरित कर दिया जाता है। वहां उसकी मुलाकात अब्दुल नामक मजदूर से होती है, जो अलग धर्म से होते हुए भी विजय का करीबी मित्र बन जाता है। एक-दूसरे की कठिनाइयों में साथ देने वाले ये पात्र दर्शकों के मन में गहरी संवेदना जगाते हैं। नाटक के पात्र तारिक इकबाल, अनमोल सिंह, अशोक लाल, जारा हयात, मोहित यादव और आनंद प्रकाश शर्मा ने अपने दमदार अभिनय से समा बांध दिया। बीएल गौड़ की मूल कहानी पर आधारित यह नाटक प्रेरणा अग्रवाल के रूपांतरण और अशोक लाल के निर्देशन में प्रस्तुत किया गया। उद्घाटन मुख्य अतिथि बीएन ओझा ने किया।