डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में 150 सीटों पर एमबीबीएस कोर्स शुरू कराने के लिए 28 अप्रैल को मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया से मुहर लग सकती है। एमसीआई अपनी रिपोर्ट 30 अप्रैल तक केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय को सौपेंगी।
जानकारी के मुताबिक केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय से मई के पहले सप्ताह में एमबीबीएस कोर्स शुरू कराने की अंतरिम अनुमति मिलेगी, जिसके बाद स्वास्थ्य मंत्रालय लोहिया संस्थान को एमबीबीएस कोर्स संचालन की अनुमति देगा।
उम्मीद जताई जा रही है कि संस्थान पहुंची एमसीआई की टीम कैंपस के निरीक्षण के दौरान व्यवस्था से संतुष्ट थी। इस आधार पर संस्थान को 150 सीटों पर एमबीबीएस कोर्स संचालन की अनुमति मिल जाएगी।
मालूम हो कि केजीएमयू के बाद लोहिया संस्थान दूसरा संस्थान होगा जहां 150 सीटों पर एमबीबीएस की पढ़ाई होगी। अभी तक केजीएमयू में कुल 250 सीटों पर एमबीबीएस की पढ़ाई चल रही है। लोहिया संस्थान में 150 सीटों पर एमबीबीएस कोर्स शुरू होने के बाद कुल 400 सीटों पर एमबीबीएस की पढ़ाई का मौका मिलेगा।