लखनऊ विश्वविद्यालय प्रशासन ने सत्र 2018-19 में एमबीए प्रवेश का विस्तृत कार्यक्रम बृहस्पतिवार को जारी कर दिया। प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन लखनऊ विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर दिए लिंक पर शुक्रवार 18 अगस्त को दोपहर 3 बजे से होगा। आवेदन 31 जनवरी 2018 तक किए जा सकेंगे। विश्वविद्यालय इस बार प्रवेश परीक्षा न कराकर कॉमन एडमिशन टेस्ट (कैट) स्कोर के आधार पर शॉर्ट लिस्ट अभ्यर्थियों को प्रवेश देगा।
शॉर्ट लिस्ट अभ्यर्थियों का इंटरव्यू भी लिया जाएगा। ऐसे में एमबीए के लिए आवेदन करने वाले विद्यार्थी को पहले कैट के लिए आवेदन करना होगा। विश्वविद्यालय के आवेदन फॉर्म में उसे कैट रोल नंबर/ रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज कराना जरूरी होगा। बिना इसके आवेदन मान्य नहीं होंगे।
विश्वविद्यालय प्रशासन 2012 तक कैट स्कोर के आधार पर ही एमबीए में प्रवेश लेता था। इसके बाद 2013 से विश्वविद्यालय प्रशासन अपनी प्रवेश परीक्षा कराने लगा था। हालांकि प्रवेश में वह कैट अभ्यर्थियों को वरीयता देता था और उन्हें सीधे इंटरव्यू में शामिल किया जाता था। वहीं अगले सत्र 2017-18 से फिर पूरी तरह से कैट स्कोर के आधार पर ही प्रवेश करने का निर्णय लिया गया है।
प्रवेश समन्वयक प्रो. अनिल मिश्रा ने बताया कि अभ्यर्थी को अपना आधार नंबर भी अनिवार्य रूप से देना होगा। अभ्यर्थी आवेदन करने के दौरान एक वैलिड ई-मेल आईडी और चालू मोबाइल नंबर जरूर दें। प्रवेश संबंधी हर महत्वपूर्ण सूचना इसी मोबाइल नंबर पर भेजी जाएगी।
अगर अभ्यर्थी अपना पासवर्ड भूल जाते हैं तो दोबारा पासवर्ड सेट करने के लिए इसी रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर का प्रयोग करना होगा। अभ्यर्थियों को एक अल्टरनेट मोबाइल नंबर भी देना होगा, बेहतर होगा कि ये नंबर किसी अभिभावक का हो। अभ्यर्थी का स्कैन सिग्नेचर जेपीजी फॉर्मेट में लिया जाएगा।