फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सबको ठिकाने लगाकर मायावती ने रोया दुखड़ा!

Sun, 25 May 2014 10:10 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
विज्ञापन
लोकसभा चुनाव में शर्मनाक प्रदर्शन के बाद फेरबदल के अंतिम दिन आखिर मायावती ने हार का दुखड़ा रो ही दिया। जिसमें उन्होंने सपा और भाजपा को जिम्मेदार ठहराया। मायावती ने माना कि वह लोगों को गुमराह होने से नहीं रोक सकी।
विज्ञापन


हालांकि मायावती ने लोकसभा चुनावों में मिली हार की मंडलवार समीक्षा का काम शुक्रवार को पूरा कर लिया। समीक्षा के अंतिम दिन पश्चिमी यूपी के चार मंडलों में मिली पराजय के कारणों पर विस्तार से चर्चा हुई।

मायावती ने पश्चिमी यूपी को एक जोन बनाते हुए पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव नसीमुद्दीन सिद्दीकी सहित 14 वरिष्ठ व युवा नेताओं को जोन कोआर्डिनेटर की जिम्मेदारी सौंपी है।
विज्ञापन


यहां जोन का ढांचा दो चक्रीय बनाया गया है। बसपा सुप्रीमो मायावती पिछले चार दिनों से पार्टी के आला नेताओं व जिम्मेदार पदाधिकारियों के साथ पार्टी के पराजय की समीक्षा और नए सिरे से संगठन के गठन का काम कर रही थीं।

पश्चिमी यूपी रहा फोकस

शुक्रवार को उन्होंने पश्चिमी यूपी के मेरठ, बरेली, सहारनपुर व मुरादाबाद मंडल की समीक्षा और नए सांगठनिक ढांचे में जोन कोआर्डिनेटर, लोकसभा प्रभारी व जिलाध्यक्षों की नियुक्ति का काम अपने स्तर से पूरा किया।

पश्चिमी यूपी के इन चारों मंडलों को एक जोन का शक्ल दे दिया है। इस जोन की जिम्मेदारी राष्ट्रीय महासचिव नसीमुद्दीन सिद्दीकी, पूर्व कोआर्डिनेटर अतर सिंह राव व रणधीर कश्यप को सौंपी गई है।

पहले संकेत किया गया था कि सिद्दीकी को फिलहाल दिल्ली का ही काम सौंपा जाएगा। पर, शायद ऐसा करने से यूपी के मुस्लिमों के बीच गलत संदेश का अंदेशा था।

ऐसे में उन्हें पश्चिमी यूपी की समीक्षा के दौरान दिल्ली के साथ यूपी से भी जोड़े रखने का फैसला हुआ। सिद्दीकी बसपा के मुस्लिम चेहरा माने जाते हैं।

नियुक्त हुए कोआर्डिनेटर

टीम में मायावती ने पूर्व कोआर्डिनेटर अतर सिंह राव का भी कद बढ़ाया है। वह पहले मंडल के कोआर्डिनेटर हुआ करते थे। ये तीनों कोआर्डिनेटर चारों मंडलों में संगठन की संयुक्त रूप से जिम्मेदारी निभाएंगे।

पश्चिमी यूपी के इस जोन में इन कोआर्डिनेटर के अलावा अलग-अलग मंडल स्तरीय जोन कोआर्डिनेटर भी बनाए गए हैं।

मेरठ मंडल का जोन कोआर्डिनेटर मुकेश जाटव व सुरेश कश्यप को, सहारनपुर का नरेश गौतम व राम निवास पाल को, मुरादाबाद मंडल का जोन कोआर्डिनेटर गिरीश चंद्र जाटव, डा. संजीव लाल व चंद्रपाल सैनी को बनाया गया है।

बरेली मंडल की कमान राममूर्ति, पीपी भारती, मुन्ना लाल कश्यप व राज कुमार पाल को सौंपी गई है।

मलूक नागर को बड़ी जिम्मेदारी

बसपा सुप्रीमो मायावती ने पश्चिमी यूपी के गूजर समाज को पार्टी से जोड़ने के लिए बिजनौर से लोकसभा प्रत्याशी रहे पूर्व एमएलसी मलूक नागर को राष्ट्रीय महासचिव बना दिया है।

नागर को गूजर समाज को जोड़ने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता राजकुमार को उनकी मदद के लिए लगाया गया है। बताते चलें नागर एक बार एमएलसी रहे हैं और एक बार रालोद व दो बार बसपा से लोकसभा का चुनाव लड़ चुके हैं।

नागर परिवार का गूजरों में अच्छा प्रभाव होने के बावजूद वह ये लोकसभा चुनाव नहीं जीत पाए। उनके परिवार में एक भाई पूर्व में मंत्री व जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुके हैं तो पत्नी जिला पंचायत अध्यक्ष रही हैं।

पश्चिमी यूपी में आगरा से लेकर सहारनपुर व बुंदेलखंड तक गूजरों की अच्छी तादाद है।

भाजपा, सपा ने किया ध्रुवीकरण

पश्चिमी यूपी में पार्टी संगठन के नेताओं व प्रत्याशियों ने बसपा अध्यक्ष मायावती को बताया कि भाजपा और सपा की मिलीभगत से यह चुनाव हिंदू बनाम मुस्लिम में बंट गया।

इससे पार्टी अच्छा मत पाने के बावजूद नतीजे को सीटों में नहीं बदल सकी। प्रत्याशियों ने कहा कि न तो संगठन कहीं कमजोर पड़ा और न परिश्रम में कोई कमी रही लेकिन वोटों के ध्रुवीकरण ने उम्मीदों पर पानी फेर दिया।

मायावती ने कहा कि इस बार संगठन के ढांचे को पूरी तरह से बदल दिया गया है और नए स्वरूप में अच्छे लोगों को जिम्मेदारी दी गई है।
विज्ञापन

माया ने रोया अपना दुखड़ा

मायावती ने कहा कि वह पूरे चुनाव सपा-भाजपा की साजिश से लोगों को आगाह करती रही लेकिन मुस्लिम, पिछड़ा व अपरकास्ट के तमाम लोग गुमराह होने से बच नहीं सके।

बसपा अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी अपने बेहतर प्रदर्शन के लिए जबर्दस्त मेहनत करेगी और सर्वसमाज को जोड़ने का काम किया जाएगा। पार्टी में सर्वसमाज को कैडर के रूप में जोड़ा जाएगा।

बरेली व अमरोहा के जिलाध्यक्ष बदले
बसपा सुप्रीमो मायावती ने पश्चिमी यूपी की समीक्षा के दौरान बरेली व जेपीनगर के जिलाध्यक्षों को बदल दिया है। ब्रह्मस्वरूप सागर को बरेली और सोमपाल सिंह राठौर को जेपी नगर अमरोहा का नया जिलाध्यक्ष बनाया गया है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें