बसपा सुप्रीमो मायावती तीन अप्रैल को बिजनौर से प्रदेश में चुनाव प्रचार अभियान का शुभारंभ करेंगी।
उनकी रोज दो जनसभाएं प्रस्तावित हैं। मायावती इस समय दूसरे राज्यों में पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में जनसभाएं कर रही हैं। मायावती तीन अप्रैल को पहली जनसभा बिजनौर में करेंगी।
वह वहां बिजनौर व नगीना लोकसभा क्षेत्र के लोगों को संबोधित करेंगी। उसी दिन दूसरी जनसभा अलीगढ़ में होगी। इसमें हाथरस लोकसभा क्षेत्र के कुछ हिस्से से लोगों को बुलाया जाएगा।
मुजफ्फरनगर दंगे के बाद पहली बार मायावती सीधे चुनाव अभियान में मुजफ्फरनगर पहुंचेंगी।
चार अप्रैल को वहां उनकी जनसभा तय हुई है। इस जनसभा में कैराना लोकसभा क्षेत्र से भी लोग पहुंचेंगे। इसी दिन दूसरी जनसभा सहारनपुर में होगी।
पांच अप्रैल को गौतमबुद्धनगर व बुलंदशहर लोकसभा क्षेत्र की जनसभा सिकंदराबाद में होगी। इसी दिन दूसरी जनसभा बागपत व गाजियाबाद के लिए तय हुई है।
छह अप्रैल को पहली जनसभा मेरठ व दूसरी बागपत में तय है। सात से नौ अप्रैल तक उनके दूसरे राज्यों के प्रचार अभियान पर रहने की संभावना है। नौ अप्रैल को वह पहली जनसभा लखीमपुर खीरी में करेंगी और दूसरी हरदोई में।
राजभर का कार्यक्रम तय प्रदेश अध्यक्ष राम अचल राजभर का दस अप्रैल तक चुनाव कार्यक्रम तय हो गया है। वह दो अप्रैल को अंबेडकरनगर, तीन को श्रावस्ती-बलरामपुर, चार को लालगंज, पांच को आजमगढ़, छह को शाहजहांपुर में चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे।