बसपा सुप्रीमो मायावती ने प्रतापगढ़ में टीवी पत्रकार की हत्या की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। बसपा अध्यक्ष ने ट्वीट कर कहा है कि यूपी में शराब माफियाओं आदि का आतंक किसी से भी छिपा हुआ नहीं है। इनके काले कारनामों को उजागर करने पर ताजा घटना में प्रतापगढ़ जिले के टीवी पत्रकार की नृशंस हत्या अति-दुःखद है। उन्होंने सरकार से घटना की अविलम्ब निष्पक्ष व विश्वसनीय जाँच कराकर दोषियों को सख्त सजा सुनिश्चित कराने की मांग की है।
उधर, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने मुख्यमंत्री योगी से पत्रकार सुलभ श्रीवास्तव हत्याकांड की सीबीआई जांच कराने की मांग की। सीएम योगी को एक पत्र में प्रियंका गांधी ने लिखा है कि टीवी पत्रकार सुलभ श्रीवास्तव की प्रतापगढ़ में संदिग्ध हालत में मृत्यु हो गई। सुलभ ने शराब माफिया से खतरा होने की बात कहते हुए परिवार की सलामती को लेकर चिंता जताई थी। प्रियंका ने लिखा है कि यूपी में कई जगहों से जहरीली शराब से हुई मौतों की खबरें आई हैं। बलिया व उन्नाव समेत कई जगह पहले भी पत्रकारों पर हमले होते आए हैं। उन्होंने मृतक के आश्रितों के लिए आर्थिक मदद भी मांगी। पत्र के अंत में लिखा है कि पत्रकारों को सुरक्षा देने का काम प्रदेश की कानून व्यवस्था का है। उम्मीद करती हूं कि इस दिशा में सीएम सकारात्मक कदम उठाएंगे।