पंचायत चुनाव मतगणना (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
प्रदेश सरकार ने पंचायत आम चुनाव के बाद विभिन्न कारणों से रिक्त पदों पर नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों व ग्राम पंचायत सदस्यों के शपथ ग्रहण तथा नवगठित ग्राम पंचायतों की पहली बैठक का कार्यक्रम जारी कर दिया है। अपर मुख्य सचिव पंचायतीराज मनोज कुमार सिंह की ओर से जारी आदेश के मुताबिक जिलाधिकारी 17 जून को ग्राम पंचायतों के गठन की अधिसूचना जारी करेंगे। 18 व 19 जून को नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों व ग्राम पंचायत सदस्यों को वीडियोकांफ्रेंसिंग/वर्चुअल माध्यम से शपथ दिलाई जाएगी। 20 जून को नवगठित ग्राम पंचायतों की पहली बैठक होगी। अपर मुख्य सचिव ने जिलाधिकारियों को निर्देशों के अनुसार कार्यवाही सुनिश्चित कराने को कहा है।
जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव 3 जुलाई को
प्रदेश में बहुप्रतीक्षित जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव 3 जुलाई को होंगे। प्रदेश की सभी 75 जिला पंचायतों में अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए नामांकन 26 जून को दाखिल किए जाएंगे। राज्य निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव की अधिसूचना जारी की। राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज कुमार के अनुसार 26 जून को सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक नामांकन दाखिल किए जाएंगे। दोपहर 3 बजे से नामांकन पत्रों की जांच होगी।
उन्होंने बताया कि उम्मीदवार 29 जून तक नामांकन वापस ले सकेंगे। 3 जुलाई को सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक मतदान होगा। इसी दिन दोपहर 3 बजे से मतगणना शुरू कर परिणाम घोषित होगा। उन्होंने बताया कि 26 जून से 3 जुलाई तक की अवधि में पड़ने वाले सावर्जनिक अवकाश के दिनों में भी चुनाव प्रक्रिया से जुड़े दफ्तर खुले रहेंगे। 75 जिला पंचायतों में अध्यक्ष पद के लिए 3050 जिला पंचायत सदस्य मतदान करेंगे।