बसपा सुप्रीमो मायावती ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘स्टैंड अप इंडिया’ योजना को विधानसभा चुनाव से पहले की ड्रामेबाजी बताया है।
प्रधानमंत्री ने मंगलवार को नोएडा में दलितों, आदिवासियों और महिलाओं के लिए विशेष रूप से यह योजना शुरू की है।
बसपा अध्यक्ष ने यहां जारी एक बयान में कहा कि प्रधानमंत्री को अगर दलितों, आदिवासियों को अपने पांव पर खड़ा करने की इतनी ही चिंता है तो उन्हें सबसे पहले सरकारी नौकरियों में आरक्षित कोटे के खाली पड़े पदों को भरना चाहिए।
केंद्र के विभिन्न मंत्रालयों का ठेका इन वर्गों के लिए भी आरक्षित करना चाहिए।
मायावती ने कहा कि पीएम का पूरा ध्यान यूपी के विधानसभा चुनाव पर है। स्टार्ट अप इंडिया व स्टैंड अप इंडिया जैसे कार्यक्रमों के जरिये जनता को बरगलाने का प्रयास किया जा रहा है।
किस्म-किस्म की योजनाओं की घोषणा कर गरीब व उपेक्षित वर्ग के लोगों को हसीन सपने दिखाने में कांग्रेस को महारत रही है। अब केंद्र की भाजपा सरकार भी उसी मानसिकता से काम कर रही है।