फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शाहजहांपुर के पत्रकार की हत्या पर मायावती ने सपा को लताड़ा

Sun, 14 Jun 2015 09:30 PM IST
टीम/डिजिटल, लखनऊ
विज्ञापन
विज्ञापन
बसपा सुप्रीमो मायावती ने कहा है कि सपा सरकार का पूरा प्रभाव एक परिवार तक सीमित है और यह एक जाति विशेष के लिए समर्पित है। घोर जातिवादी,राजनैतिक द्वेष व भ्रष्टाचार में डूबी इस सरकार के सवा तीन साल के कार्यकाल में सूबे की जनता त्राहि-त्राहि कर रही है।
विज्ञापन


सपा सरकार को भी इस बात का अंदाजा हो गया है कि  जनता अगले विधानसभा चुनाव में उसका बुरा हाल करने वाली है। इसीलिए भ्रष्टाचार, लूट-मार, जमीन-जायदाद के कब्जे की घटनाएं काफी बढ़ गई हैं।

मायावती रविवार को यहां पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर पत्रकारों से मुखातिब थीं। उन्होंने इलाहाबाद में दो दलित युवाओं की हत्या और फतेहपुर में एक लड़की के साथ जघन्य व्यवहार की चर्चा करते हुए प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर हमला बोला।
विज्ञापन


उन्होंने कहा कि हर दिन हर जिले में दिल दहला देने वाली घटनाएं हो रही हैं। सरकार इन्हें रोकने में पूरी तरह नाकारा साबित हो रही है। अब मीडियाकर्मी भी सुरक्षित नहीं रह गए हैं।

शाहजहांपुर व कानपुर में पत्रकारों से जुड़ी घटनाएं इसकी जीवंत मिसाल हैं। उन्होंने कहा कि शाहजहांपुर में पत्रकार की हत्या के मामले में आरोपी राज्यमंत्री राममूर्ति सिंह वर्मा को तत्काल गिरफ्तार किया जाना चाहिए।

योग का समर्थन किया पर सियासत की निंदा

मायावती ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर 21 जून को मनाए जाने वाले योग दिवस कार्यक्रम का समर्थन किया, लेकिन इसको लेकर शुरू की गई सियासत की निंदा की।

उन्होंने गुजरात के सोमनाथ मंदिर में गैर हिंदुओं के प्रवेश पर पाबंदी को अनुचित ठहराते हुए कहा कि इन्हीं सब कारणों से देश का सांप्रदायिक सौहार्द्र खराब होता है।

विफलताओं से ध्यान हटाने को गर्मा रहे राम मंदिर मुद्दा
मायावती ने कहा है कि अच्छे दिन लाने का वादा कर सत्ता में आई नरेंद्र मोदी सरकार का एक साल का कार्यकाल बेहद खराब व निराशाजनक साबित हुआ है।

किसानों से लेकर धार्मिक अल्पसंख्यकों खासकर मुसलमानों और ईसाइयों को बहुत बुरे दिन झेलने पड़े हैं। केंद्र की विफलताओं से ध्यान हटाने के लिए भाजपा व उसके सहयोगी संगठन अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का मामला गरमाने लगे हैं।
विज्ञापन

मोदी मैजिक का बुलबुला खत्म

बसपा सुप्रीमो ने जन-धन, प्रधानमंत्री बीमा सुरक्षा, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा व अटल पेंशन योजना पर भी सवाल उठाए। कहा कि जिन गरीबों को रोजगार, सस्ते अनाज की जरूरत है, सरकार उन्हें बीमा और पेंशन के लिए पैसे जमा करने को मजबूर कर रही है। उन्हें बुढ़ापे और मौत के बाद अच्छे दिनों के हसीन सपने दिखा रही है। उन्होंने कहा कि मोदी मैजिक का बुलबुला खत्म हो गया है।

पीएम-सीएम में विदेशी दौरों और प्रचार की होड़
मायावती ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री में विदेशी दौरों को होड़ लगी हुई है। दोनों अपनी-अपनी सरकार के प्रचार-प्रसार में बड़े पैमाने पर बजट खर्च कर रहे हैं।

जोनल को-ऑर्डिनेटरों के साथ आज करेंगी बैठक
मायावती सोमवार को प्रदेश भर के जोनल को-ऑर्डिनेटरों के साथ बैठक कर संगठन के कामकाज की समीक्षा करेंगी। इसके बाद वे रोजाना एक-एक मंडल के कामकाज की अलग से समीक्षा करेंगी।

एक महीने तक  उनका यहीं रहने का कार्यक्रम है। इस बीच पार्टी 2017 के चुनाव की तैयारियों पर काम करेगी।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें