बसपा सुप्रीमो मायावती को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सीमा पर तैनात सैनिकों के साथ दीवाली मनाना अच्छा नहीं लगा है। उन्होंने कहा है कि प्रधानमंत्री को शहीद सैनिकों के परिवार वालों के साथ सामूहिक तौर पर दिल्ली में दीवाली मनानी चाहिए।
मायावती ने एक बयान में कहा कि समस्त देशवासियों की शुभकामनाएं हमेशा ही सैनिकों के साथ रहती हैं। लेकिन यह बेहतर होता कि प्रधानमंत्री इस बार दीपावली शहीद जवानों के परिवार वालों के साथ सामूहिक तौर पर दिल्ली में मनाते और उनको मिलने वाली अनुग्रह राशि व अन्य सुविधाएं एकमुश्त सौंप कर उनके आंसू पोंछने का काम करते। लेकिन मानवीयता से भरपूर ऐसा काम उन्होंने नहीं किया।
बसपा अध्यक्ष ने कहा कि यह उन सैनिकों को भी ज्यादा अच्छा लगता जिनके बीच मोदी ने इस बार दीपावली मनाई। यह शहीद जवानों के परिवारों के प्रति सामूहिक तौर पर संवेदना व्यक्त करने और वीर शहीदों के प्रति देश की सच्ची श्रद्धांजलि होती।