उत्तर प्रदेश में खाद की कमी और कालाबाजारी को लेकर बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने योगी सरकार को घेरा है। मायावती ने ट्वीट कर यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इस समस्या के समाधान की मांग की है।
शनिवार को मायावती ने लिखा कि यूपी में लाखों किसान परिवार प्रदेश में यूरिया खाद की किल्लत से बहुत परेशान हैं। सरकार यूरिया की कमी को तुरंत दूर करे व इसकी कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करे ताकि दोहरी मार झेल रहे किसानों को इस वर्ष फिर बर्बाद होने से बचाया जा सके। बीएसपी की यह मांग है।
आपको बता दें कि राजधानी लखनऊ में खाद की जमाखोरी एवं कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए चले दो दिवसीय अभियान में 3119 उर्वरक व्यवसाय प्रतिष्ठानों पर छापा मारकर 653 नमूने इकट्ठा किए गए।
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बताया कि इस कार्रवाई में 247 उर्वरक विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया, जबकि 158 विक्रेताओं के लाइसेंस निलंबित और 15 विक्रेताओं के लाइसेंस निरस्त किए गए।
94 विक्रेताओं को चेतावनी जारी की गई और 15 उर्वरक प्रतिष्ठानों पर बिक्री प्रतिबंधित करने के साथ ही 6 प्रतिष्ठान सील किए गए। उन्होंने बताया कि 2 विक्रेताओं के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई गई, जबकि यूरिया के साथ टैगिंग करने के आरोप में 7 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
शाही ने बताया कि अपर निदेशक और संयुक्त निदेशक स्तर के 19 अधिकारियों को भी 2-2 जिले आवंटित करते हुए अपने-अपने जिलों में औचक निरीक्षण के निर्देश दिए गए हैं।