डीजीपी प्रशांत कुमार ने करोड़ों श्रद्धालुओं के आगमन के दृष्टिगत प्रयागराज के आसपास के जिलों को भी हाई अलर्ट पर रहने को कहा है। इन जिलों के कप्तान प्रयागराज की सीमावर्ती तहसीलों में कैंप करके सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेंगे और श्रद्धालुओं के आवागमन का प्रबंध देखेंगे। इसके अलावा अन्य धार्मिक स्थलों पर भी पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त करने का निर्देश दिया गया है। उनके श्रद्धालुओं के मूवमेंट पर पैनी नजर बनाए रखने और किसी तरह की समस्या होने पर तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराने को कहा गया है। वहीं डीजीपी मुख्यालय में भी मौनी अमावस्या के दृष्टिगत कंट्रोल रूम में अधिकारियों की तैनाती की गई है, जो पल-पल की गतिविधियों पर नजर रखेंगे।