काकोरी। कठिंगरा गांव में रविवार रात राजगीर मिस्त्री सुशील रावत के घर में तीन बदमाश घुस गए। तीनों ने पीड़ित को बंधक बनाकर असलहे के बट से जमकर पीटा। फिर 50 हजार के जेवर व दस हजार की नकदी लूटकर भाग निकले। पीड़ित का आरोप है कि काकोरी पुलिस ने मनमुताबिक तहरीर लिखवा ली।
सुशील के मुताबिक रविवार रात वह बरामदे में सो रहे थे। देर रात खटपट की आवाज पर आंख खुली तो देखा कि उनके सामने तीन लोग खड़े थे। तीनों ने मास्क और काले कपड़े पहने हुए थे। शोर मचाने पर दो लोगों ने उनके हाथ-पैर पकड़ लिए, जबकि तीसरे ने उनका मुंह दबा दिया। फिर उन्हें अंदर कमरे में ले गए और असलहे के बट से पीटा। जेवरों व नकदी में पूछताछ की। फिर अलमारी में रखे 50 हजार के जेवर और 10 हजार रुपये लूटकर धमकी देते हुए भाग निकले।
पुलिस ने पारिवारिक विवाद की बात कही
सुशील का आरोप है कि जब उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी। तो पुलिस उल्टे उन्हें व ग्रामीणों को घर में सलाह देकर चलती बनी। घटना से ग्रामीणों में काफी आक्रोश है। इतना ही नहीं, पुलिस ने घटना का कारण पारिवारिक विवाद बताया।
घर के बाहर बंधे दो जानवर चोरी
काकोरी के गुरुदीन खेड़ा गांव में किसान गणेशी के घर के बाहर बंधे दो जानवर चोरी हो गए। पीड़ित ने बताया दो जानवरों की कीमत दो लाख रुपये है। माटीपुर गांव के किसान सुमेर यादव के मुताबिक देर रात घर पर बदमाश आ धमके, लेकिन परिवार के सदस्य जाग रहे थे। इस कारण चोर भाग निकले।