लखनऊ। इंदिरानगर के पानी गांव निवासी राजमिस्त्री सतीश रावत (31) ने पारिवारिक कलह से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। उन्होंने पहले भी सात बार जान देने की कोशिश की थी, लेकिन हर बार बच गए थे।
सतीश के परिचित अवनीश ने बताया कि मंगलवार दोपहर सतीश शराब के नशे में घर लौटे थे। इसके बाद पत्नी से उनका विवाद हुआ। आरोप है कि सतीश ने पत्नी के साथ मारपीट की। इससे नाराज होकर उनकी पत्नी कुर्सी रोड स्थित मायके चली गई। सतीश अपने दिवंगत माता-पिता की तस्वीर के सामने रोने लगे। उन्होंने माता-पिता के पास जाने की बात कहते हुए कमरा अंदर से बंद कर लिया। परिचित के पहुंचने पर दरवाजा नहीं खुला तो पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया तो सतीश पंखे से दुपट्टे के सहारे लटके मिले।
परिचित ने बताया कि सतीश पहले भी शराब के नशे में तीन बार जहरीला पदार्थ खाकर और तीन बार फंदा लगाकर जान देने की कोशिश कर चुके थे। करीब तीन साल पहले उन्होंने हाथ की नस भी काट ली थी। इंस्पेक्टर इंदिरानगर अजय नारायण सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया सतीश ने पारिवारिक कलह के चलते आत्महत्या की है। परिजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है।