लखनऊ। इंदिरानगर में सोमवार शाम घर में फंदे से विवाहिता लटकी मिली। पिता ने दामाद पर बेटी की हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाते हुए थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
हरदोई के बघौली निवासी विजय पाल ने बताया कि आठ माह पहले उन्होंने बेटी अर्चना कश्यप (32) का विवाह सीतापुर के सुमित कश्यप से किया था। शादी के बाद बेटी और सुमित इंदिरानगर के फरीदीनगर बस्ती में रह रहे थे। सुमित कबाड़ का काम करता है। आरोप है कि वह बेटी को आए दिन दहेज के ताने मारता था। विरोध पर उसे बुरी तरह से पीटता था।
विजय ने बताया कि सोमवार शाम पुलिस ने उन्हें बेटी के फंदे से लटकने की सूचना दी। पुलिस ने बेटी को लोहिया अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। विजय का आरोप है कि आरोपी दामाद ने पहले गला दबाकर बेटी की हत्या करी दी। फिर हत्या को आत्महत्या दिखाने के लिए उसने बेटी का शव फंदे से लटका दिया। इंस्पेक्टर अजय नारायण सिंह ने बताया कि आरोपी सुमित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।