नेपाल बंद के दौरान छात्रों को लेने गई सीमांत इंटर कॉलेज रुपईडीहा की वैन को शुक्रवार सुबह माओवादियों ने आग के हवाले कर दिया। छात्रों को गाड़ी से उतारकर नेकपा माओवादी व राप्रपा गुट ने गाड़ी फूंक दी। चालक ने भागकर जान बचाई।
घटना की खबर फैलते ही कस्बावासी और छात्र भड़क उठे। भारत-नेपाल सीमा पर बैरीकेडिंग लगाकर आवागमन ठप कर दिया और नेपाल के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। करीब दो घंटे तक सीमा पर आवागमन ठप रहा। स्कूल वैन फूंकने वाले दो माओवादियों को नेपाल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
नेपाल की संविधान सभा में कम्युनिस्ट पार्टी एमाले विप्लव गुट के सदस्य अपनी 13 मांगों को शामिल करवाने के लिए आंदोलित हैं। उधर, राष्ट्रीय प्रजातांत्रिक पार्टी के कार्यकर्ता भी हक और अधिकार को लेकर आंदोलन कर रहे हैं।
दोनों संगठनों ने शुक्रवार को नेपाल में एक दिन के बंद की घोषणा की थी, लेकिन इसकी जानकारी भारतीय क्षेत्र के नागरिकों को नहीं थी। गौरतलब है कि नेपाल से सटी रुपईडीहा सीमा में स्थित विद्यालयों में बांके के छात्र शिक्षा ग्रहण करने आते हैं जिन्हें लाने के लिए स्कूल की वैन चलती हैं।