यूपी पुलिस के आला अफसरों की तैनाती में जल्द ही एक और फेरबदल संभावित है। कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर सरकार कोई समझौता करने के मूड में नहीं है। शनिवार को कुछ अफसरों को हटाया गया और अयोध्या व कानपुर में कप्तान के पद पर डीआईजी स्तर के अधिकारी तैनात किए गए।
कानपुर कांड के बाद जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिलों में नोडल अफसरों को भेजकर जमीनी हकीकत के बारे में जानकारी मुहैया करने के निर्देश दिए थे, तब कानून-व्यवस्था, अपराध और मातहतों पर नियंत्रण को पैमाना बनाया गया था। नोडल अफसरों की जो रिपोर्ट आई हैं, उनमें इन्हीं बिंदुओं पर जिलों व रेंज अथवा जोन में तैनात अफसरों के बारे में फीडबैक दिया गया।
जानकार बताते हैं कि इसी फीडबैक को आधार बनाकर शनिवार को अफसरों के स्थानांतरण के आदेश जारी हुए। कानपुर कांड में कुछ बड़े अफसरों पर भी सरकार की निगाह है और इन्हें हटाया जाना लगभग तय है। इसके साथ ही कम से कम आधा दर्जन जिलों के कप्तान भी हट सकते हैं। सूत्रों की मानें तो फेरबदल की एक और सूची कुछ ही दिनों में जारी होने की संभावना है।