लखनऊ। काकोरी के जागर्स पार्क के पास मंगलवार को अधजला शव मिला था। जिसकी शिनाख्त बुधवार को असम के ग्वालपाडा़ निवासी गजीबर (35) के रुप में हुई। शिनाख्त होने के बाद शव का पोस्टमार्टम बृहस्पतिवार को कराया गया। पोस्टमार्टम में गजीबर की गला काटकर हत्या की पुष्टि हुई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिवारीजनों को सुपुर्द कर दिया।
पुलिस के मुताबिक मूलरूप से असम ग्वालपाडा निवासी गजीबर कूड़ा बीनने का काम करता था। मंगलवार को वह घर से काम के लिए निकला था। फिर वापस नहीं लौटा था। वहीं, देर शाम कूड़ा घर के पास उसका शव अधजली हालत में पड़ा मिला था। बुधवार को पत्नी मंजू ने शव की शिनाख्त की थी। उसने कोई भी अरोप नहीं लगाया था। इस बीच शिनाख्त होने के बाद गजीबर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टरों ने गला काट कर हत्या किए जाने के बाद शव जलाए जाने की बात लिखी है।
पुलिस की थ्योरी हुई फेल
काकोरी पुलिस ने बुधवार को बताया था कि गजीबर सिगरेट पीने का आदी था। नशे की हालत में होने के कारण वह गिर पड़ा और सिगरेट के कारण उसके कपड़ों में आग लगने से मौत हो गई। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पुलिस के इस थ्योरी को पूरी तरह से खारिज कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर पड़ताल शुरू कर रही है।