फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गोंडा में दामाद ने ली ससुर की जान, सास को भी किया घायल, वजह जानकर रह जाएंगे हैरान

Wed, 02 Jan 2019 11:55 AM IST
ishwar ashish न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
- फोटो : डेमो
विज्ञापन
गोंडा में मनकापुर कोतवाली क्षेत्र के पंचपुती जगतापुर गांव के मजरा गंगाराम डिहवा में मंगलवार की सुबह पत्नी की विदाई न करने से नाराज दामाद ने गड़ासे से हमलाकर ससुर की हत्या कर दी। इस दौरान बीच-बचाव करने दौड़ी सास को भी मारकर घायल कर दिया।
विज्ञापन


आरोपी ने पत्नी व साले को गड़ासा लेकर दौड़ा लिया। दोनों ने भागकर किसी तरह जान बचाई। घायल सास को सीएचसी लाया गया, जहां से गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इस मामले में पुलिस ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी दामाद को गिरफ्तार कर लिया है। 

मनकापुर कोतवाली क्षेत्र के मछली बाजार के बुझावन पुरवा का रहने वाला पप्पू पुत्र रामकिशुन दो दिन पूर्व अपनी ससुराल पंचपुती जगतापुर गांव के मजरा गंगाराम डिहवा में अपनी पत्नी प्रीति को ले जाने के लिए आया था। मगर पप्पू के सास-ससुर बेटी की विदाई करने को तैयार नहीं थे। 
विज्ञापन


मंगलवार को सुबह पप्पू व उसके ससुर सोमई कश्यप (55) पुत्र झगरू से इसी बात को लेकर कहासुनी होने लगी। इसी बीच गुस्साए पप्पू ने पास में रखे चारा काटने वाले गड़ासे से मारकर ससुर की हत्या कर दी। बीच-बचाव करने दौड़ी सास कुमारी देवी को भी उसने गड़ासे से मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
विज्ञापन

आरोपी को किया गिरफ्तार

डेमो
इसके बाद पत्नी प्रीति और साले मोहित को गड़ासा लेकर मारने के लिए दौड़ा लिया। दोनों ने  घर भागकर किसी तरह जान बचाई। घायल कुमारी देवी को ग्रामीणों के सहयोग से सीएचसी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राघवेंद्र सिंह की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में सोमई के छोटे भाई जग्गू कश्यप ने कोतवाली मनकापुर में आरोपी पप्पू के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। 

एसएसपी हृदेश कुमार व सीओ एसके रवि ने मौके पर पहुंचकर लोगों से जानकारी ली। प्रभारी निरीक्षक विनय कुमार ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी पप्पू को गिरफ्तार कर लिया गया है। 

 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें