अमेठी के गौरीगंज थाने के एक गांव निवासी युवक की तहरीर पर पुलिस ने उसकी मां और उसके प्रेमी के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज किया है। युवक का आरोप है कि उसकी मां ने अपने प्रेमी से मिलकर उसके पिता का अपहरण करवा दिया है।
मामला दर्ज कर पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है। स्थानीय थाने के एक गांव निवासी युवक ने सोमवार शाम थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर सौंपी। पुलिस को दी गई तहरीर में युवक ने अपनी मां और गांव के कोटेदार छोटेलाल पर अपने पिता को गायब करने का आरोप लगाया है।
युवक की मानें तो उसके पिता ने कई माह पूर्व मां और प्रेमी कोटेदार को आपत्तिजनक हालत में देख लिया था। इस बात को लेकर उसकी मां और पिता में लड़ाई भी हुई थी। इसी के बाद उसके पिता मां के साथ बीते 22 मई को बहन की शादी का निमंत्रण देने गांव हरदोई थाना बछरावां जिला रायबरेली गए थे।
बाद में उसकी मां तो वापस लौट आईं लेकिन पिता अभी तक वापस नहीं लौटे। युवक की तहरीर पर पुलिस ने उसकी मां और प्रेमी के खिलाफ अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।