लखनऊ। विभूतिखंड स्थित पाथ वे कंसल्टेंसी के दो कर्मचारियों के खिलाफ एमबीबीएस में दाखिले के नाम पर 22 लाख रुपये ठगने की रिपोर्ट दर्ज की गई है। कंसल्टेंसी के खिलाफ कुछ दिन पहले ही चार लोगों ने 1.26 करोड़ रुपये हड़पने का आरोप लगाते हुए एफआईआर साइबर क्राइम थाने में दर्ज कराई थी।
इंस्पेक्टर विभूतिखंड अमर सिंह ने बताया कि चिनहट के क्रिस्टल व्यू अपार्टमेंट निवासी ओम प्रकाश का आरोप है कि उन्होंने अपने बेटे का एमबीबीएस में दाखिला कराने के लिए विभूतिखंड स्थित स्टडी पाथ वे कंसल्टेंसी से संपर्क किया था। वहां उनकी मुलाकात अभिनव वर्मा और शिवांगी मिश्र से हुई थी। बातचीत के दौरान दोनों ने उनके बेटे को एक कॉलेज में दाखिला दिलाने की बात कही और धीरे-धीरे उनसे 22 लाख रुपये ऐंठ लिए। समय गुजरता चला गया और आरोपियों ने न तो उनके बेटे का दाखिला कराया और न ही रुपये लौटाए। ठगी का शिकार हुए ओम प्रकाश ने सोमवार को विभूतिखंड थाने में धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई। इंस्पेक्टर का कहना है कि पीड़ित से दस्तावेज मांगे गए हैं और जांच की जा रही है।